Skip to main content

The Scoopp

 

‘किंग’ से पहले सरप्राइज़ एंट्री: रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में दोस्त बनकर दिखेंगे शाहरुख खान

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी मेगा प्रोजेक्ट किंग को लेकर सुर्खियों में हैं, लेकिन उससे पहले वह दर्शकों को एक और बड़ा तोहफा देने वाले हैं। ताज़ा अपडेट के मुताबिक, शाहरुख जल्द ही रजनीकांत की अगली फिल्म जेलर 2 में नज़र आएंगे। सूत्रों की मानें तो शाहरुख खान इस फिल्म में छोटे लेकिन प्रभावशाली रोल में होंगे। उनका किरदार रजनीकांत के बेहद करीबी दोस्त का बताया जा रहा है। फिल्म की ज्यादातर शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब अंतिम शेड्यूल की तैयारी चल रही है, जिसमें शाहरुख टीम को जॉइन करेंगे और रजनीकांत के साथ अपने सीन शूट करेंगे।

यह पहली बार नहीं है जब दोनों दिग्गज कलाकार एक ही फ्रेम में दिखेंगे। इससे पहले 2011 में आई रा-वन में भी दोनों ने स्क्रीन साझा की थी, जहां शाहरुख लीड रोल में थे और रजनीकांत ने अपने मशहूर किरदार चिट्टी के रूप में कैमियो किया था। अब सालों बाद यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के लिए रोमांच लेकर आ रही है।

रिलीज को लेकर क्या है प्लान?

‘जेलर 2’ की रिलीज डेट फिलहाल 12 जून बताई जा रही है, जिसे खुद रजनीकांत ने पहले कंफर्म किया था। हालांकि, इंडस्ट्री में चर्चा है कि तारीख में बदलाव भी संभव है, लेकिन मेकर्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘किंग’ से पहले ‘जेलर 2’ में शाहरुख खान की यह दोस्ताना मौजूदगी बॉक्स ऑफिस और फैंस के दिलों पर क्या असर डालती है।