Skip to main content

The Scoopp

 

T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल: आज ईडन में SA–NZ की बड़ी टक्कर

टी-20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा, जहां शाम 7 बजे पहली गेंद डाली जाएगी, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।

वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों के बीच यह छठा मुकाबला होगा। अब तक खेले गए पांचों वर्ल्ड कप मैचों में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को हराया है। खास बात यह है कि सेमीफाइनल में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। मौजूदा टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड को इस वर्ल्ड कप में दो हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें एक हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्रुप स्टेज में और दूसरी इंग्लैंड के खिलाफ सुपर-8 में आई थी।

साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच साल 2005 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 19 टी-20 मुकाबले हुए हैं, जिनमें साउथ अफ्रीका ने 12 और न्यूजीलैंड ने 7 मैच जीते हैं। इसी वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। न्यूजीलैंड की टीम पांचवीं बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले वह 2007, 2016, 2021 और 2022 में अंतिम चार में जगह बना चुकी है, लेकिन इन चार में से सिर्फ एक बार ही जीत हासिल कर सकी। वहीं साउथ अफ्रीका चौथी बार सेमीफाइनल खेल रही है। इससे पहले 2009, 2014 और 2024 में टीम यहां तक पहुंची थी, जिसमें 2024 में सेमीफाइनल जीतकर उसने पहली बार फाइनल में प्रवेश किया था।

मौजूदा वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के कप्तान ऐडन मार्करम टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 268 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 86 नाबाद रहा है और स्ट्राइक रेट 175 से अधिक का है। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6 मैचों में 12 विकेट चटकाए हैं। कागिसो रबाडा भी फॉर्म में लौटते दिख रहे हैं और उन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 विकेट लिए थे। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट बल्लेबाजी में सबसे प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 216 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 नाबाद रहा है। गेंदबाजी में ऑलराउंडर रचिन रवींद्र टीम के लिए अहम साबित हुए हैं, जिन्होंने 7 मैचों में 9 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनॉमी 7 से कम रही है।

ईडन गार्डन्स की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जा रहा है। इस वर्ल्ड कप में यहां खेले गए 6 मैचों में से 4 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 2 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के नाम रहे हैं। इनमें से चार मुकाबलों में 170 से ज्यादा का स्कोर बना है। कोलकाता में अब तक 18 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को बराबर-बराबर 9-9 जीत मिली हैं। यहां का सर्वश्रेष्ठ टीम स्कोर 207/4 है।

मौसम के लिहाज से भी मैच में कोई बाधा नहीं दिख रही है। कोलकाता में मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश के कोई आसार नहीं हैं। तापमान 22 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग-XI में ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्या, क्वेना मफाका और लुंगी एनगिडी शामिल हो सकते हैं। वहीं न्यूजीलैंड की संभावित टीम में फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैकॉन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्यूसन के खेलने की उम्मीद है।