Skip to main content

The Scoopp

 

हैदराबाद में विजय–रश्मिका का ग्रैंड रिसेप्शन, फिल्मी सितारों से लेकर राजनेताओं तक की रही मौजूदगी

हैदराबाद में मंगलवार रात एक खास जश्न देखने को मिला, जब विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने अपनी शादी के बाद भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया। यह कार्यक्रम शहर के लग्ज़री होटल ताज कृष्णा में रखा गया, जहां साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री की नामचीन हस्तियों के साथ कई राजनीतिक चेहरे भी पहुंचे।

इस रिसेप्शन में रश्मिका मंदाना ट्रेडिशनल अवतार में नज़र आईं, जबकि विजय देवरकोंडा ने क्लासिक लुक चुना। कपल ने मीडिया के लिए तस्वीरें भी क्लिक कराईं। इसी दौरान विजय ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि यह उनकी शादी से जुड़ा आखिरी फंक्शन है और अब वे कुछ समय के लिए “अंडरग्राउंड” हो जाएंगे। कार्यक्रम में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा से जुड़े कई बड़े सितारों ने शिरकत की। बॉलीवुड की ओर से करण जौहर, कृति सेनन, रिया चक्रवर्ती, नीना गुप्ता और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा मौजूद रहे। वहीं साउथ इंडस्ट्री से अल्लू अर्जुन, रामचरण, चिरंजीवी, नागार्जुन, वेंकटेश और कार्थी जैसे दिग्गज सितारे नजर आए।

राजनीतिक जगत से भी खास मेहमान पहुंचे। कर्नाटक के डिप्टी मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने रिसेप्शन में आकर नवविवाहित जोड़े को गुलदस्ता भेंट किया और शुभकामनाएं दीं। इससे पहले विजय और रश्मिका ने 26 फरवरी को राजस्थान के उदयपुर में बेहद निजी समारोह में शादी रचाई थी। ममेंटोज एकाया रिसोर्ट में हुई इस इंटिमेट वेडिंग में सिर्फ करीब 250 करीबी मेहमान शामिल हुए थे। शादी के दौरान “नो फोन पॉलिसी” लागू की गई थी।

शादी की खास बात यह रही कि दोनों ने अलग-अलग परंपराओं से विवाह किया। सुबह तेलुगु रीति-रिवाजों के अनुसार फेरे हुए, जबकि शाम को रश्मिका की कोडवा परंपरा से रस्में निभाई गईं। शादी में रश्मिका ने लाल साड़ी और सोने के गहने पहने, वहीं विजय आइवरी धोती और लाल अंगवस्त्रम में दिखाई दिए। इस तरह उदयपुर की सादगी भरी शादी के बाद हैदराबाद का यह रिसेप्शन फिल्मी चमक-दमक और सेलिब्रिटी मौजूदगी के कारण चर्चा का केंद्र बना रहा।