The Scoopp

 

T20 वर्ल्ड कप 2026: टूर्नामेंट की बेस्ट प्लेइंग XI घोषित, भारत के 4 खिलाड़ी शामिल

ICC ने सोमवार को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की “टीम ऑफ द टूर्नामेंट” का ऐलान कर दिया। इस टीम में विश्व चैंपियन भारत के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। भारतीय खिलाड़ियों में संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।

दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम को इस टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उन्होंने अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को बतौर ओपनर चुना गया है, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए।

पाकिस्तान के फरहान ने 383 रन बनाकर टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर का खिताब हासिल किया। दूसरी ओर भारत के संजू सैमसन को ओपनर और विकेटकीपर दोनों भूमिकाओं में टीम में जगह दी गई है। सैमसन ने पांच पारियों में 321 रन बनाए और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ उनकी मैच जिताऊ पारियां चर्चा में रहीं, जबकि फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 89 रन बनाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर माना गया।

भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने भी टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म दिखाई। उन्होंने 317 रन बनाए और 193.29 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 77 रन की पारी और फाइनल में लगाया गया अर्धशतक टीम की जीत में अहम रहा।

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए और पूरे टूर्नामेंट में 9 विकेट भी झटके। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 8 मैचों में 14 विकेट लेकर भारतीय गेंदबाजी की कमान संभाली। फाइनल मुकाबले में उन्होंने चार विकेट लेकर भारत को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

इंग्लैंड के विल जैक्स और स्पिनर आदिल राशिद को भी इस टीम में जगह मिली है। इसके अलावा वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर और जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी भी चयनित खिलाड़ियों में शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के लुंगी एनगिडी को भी गेंदबाज के रूप में टीम में रखा गया है। अमेरिका के शैडली वैन शाल्कविक को 12वां खिलाड़ी चुना गया है।

दिलचस्प बात यह रही कि भारत को खिताब जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस टीम में जगह नहीं मिली। उनके अलावा टी-20 फॉर्मेट के टॉप बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी चयन से बाहर रहे। सूर्या ने 9 मैचों में 242 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने 8 मैचों में 141 रन बनाए थे। वरुण चक्रवर्ती ने भी 14 विकेट लिए थे।

वहीं हैरानी की बात यह रही कि फाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड टीम का कोई भी खिलाड़ी इस बेस्ट XI में जगह नहीं बना सका। इसके अलावा ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे से हारकर बाहर हुई ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी कोई खिलाड़ी इस सूची में शामिल नहीं किया गया।