Skip to main content

The Scoopp

 

LPG संकट की खबरों के बीच इंडक्शन कुकटॉप की डिमांड में उछाल, कई ई-कॉमर्स साइट्स पर स्टॉक खत्म

देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ने के बाद लोगों ने खाना बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों की तलाश शुरू कर दी है। इसका सीधा असर किचन इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार पर दिखाई दे रहा है, जहां इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है।

ई-कॉमर्स कंपनियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। अमेजन पर इसकी बिक्री लगभग 30 गुना तक बढ़ गई है, जबकि फ्लिपकार्ट पर यह करीब चार गुना ज्यादा दर्ज की गई। इसके अलावा इलेक्ट्रिक केटल, राइस कुकर और अन्य इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।

बढ़ती मांग का असर स्टॉक पर भी दिखने लगा है। कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन कुकटॉप के कई मॉडल फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। कुछ वेबसाइटों पर तो सीमित ब्रांड ही बच गए हैं, जबकि कुछ जगहों पर यह पूरी तरह आउट ऑफ स्टॉक दिख रहा है।

मांग में तेजी आने के साथ ही कीमतों में भी हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। सामान्य तौर पर बाजार में इंडक्शन कुकटॉप ₹1300 से ₹2000 तक की शुरुआती कीमत में मिलते हैं। मिड-रेंज मॉडल की कीमत ₹2000 से ₹3500 तक होती है, जबकि प्रीमियम श्रेणी के उत्पाद ₹3500 से ₹4500 या उससे अधिक में बिक रहे हैं। हाल के दिनों में कई ब्रांडों के दाम करीब 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़े हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर क्रोमा के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री लगभग तीन गुना बढ़ चुकी है। वहीं किचन अप्लायंस बनाने वाली कंपनी स्टोवक्राफ्ट ने भी बताया कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उनकी साप्ताहिक बिक्री में करीब चार गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस बीच सरकार ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि देश में घरेलू एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और उत्पादन भी बढ़ाया गया है। सरकार के अनुसार सिलेंडर बुक करने के बाद औसतन ढाई दिन के भीतर डिलीवरी की जा रही है।