Skip to main content

The Scoopp

 

IPL 2026 से पहले KKR को बड़ा झटका, आकाश दीप पूरे सीजन से बाहर

IPL 2026 शुरू होने से ठीक पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को तेज गेंदबाज आकाश दीप के रूप में बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। 29 वर्षीय यह पेसर चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। टीम से जुड़े एक अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।

आकाश दीप फिलहाल बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब कर रहे हैं, लेकिन उनकी चोट की प्रकृति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसी वजह से वे टीम के कैंप में शामिल नहीं हो सके, जो 18 मार्च से कोलकाता में शुरू हुआ है।

पिछले साल अबू धाबी में हुए मेगा ऑक्शन में KKR ने आकाश दीप को उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, सीजन शुरू होने से पहले ही उनका बाहर होना टीम की गेंदबाजी योजनाओं को प्रभावित कर सकता है।KKR के लिए चिंता यहीं खत्म नहीं होती। टीम पहले से ही हर्षित राणा की गैरमौजूदगी से जूझ रही है, जबकि श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की उपलब्धता भी अब तक स्पष्ट नहीं है। पथिराना को अभी अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड से मंजूरी मिलनी बाकी है।

फ्रेंचाइजी हालांकि पथिराना को रिप्लेस करने के मूड में नहीं है। टीम को उम्मीद है कि वे टूर्नामेंट के बीच में फिट होकर जुड़ सकते हैं। मेगा ऑक्शन में KKR ने उन्हें 18 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर अपने साथ जोड़ा था। इस बीच टीम ने स्क्वॉड में बदलाव करते हुए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल किया है। उन्हें बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान की जगह साइन किया गया है, जिन्हें BCCI के निर्देश के बाद रिलीज करना पड़ा था।