Skip to main content

The Scoopp

 

IPL 2026 का धमाकेदार आगाज आज, बेंगलुरु में RCB और SRH आमने-सामने

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत आज होने जा रही है, जहां पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 7 बजे होगा।

मौसम और पिच का हाल

बेंगलुरु की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। यहां अक्सर बड़े स्कोर बनते हैं, क्योंकि गेंद आसानी से बल्ले पर आती है और बाउंड्री भी छोटी हैं। तेज आउटफील्ड बल्लेबाजों को और फायदा देती है। हालांकि शुरुआती ओवरों में पेसर्स को थोड़ी मदद मिल सकती है। रात के समय ओस भी मैच का रुख बदल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की संभावना बेहद कम (करीब 3%) है और तापमान 20 से 32 डिग्री के बीच रहेगा।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

अब तक दोनों टीमों के बीच 25 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें हैदराबाद ने हल्की बढ़त बनाई हुई है। SRH ने 13 मैच जीते हैं, जबकि RCB 11 बार विजयी रही है। एक मैच टाई रहा था, जिसे सुपर ओवर में हैदराबाद ने अपने नाम किया।

RCB की मजबूत तैयारी

डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु इस बार संतुलित टीम के साथ उतर रही है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और फिल सॉल्ट ओपनिंग संभाल सकते हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड, जितेश शर्मा और क्रुणाल पांड्या जैसे खिलाड़ी तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं। ऑलराउंडर्स की मौजूदगी टीम को और मजबूती देती है। हालांकि, जोश हेजलवुड और यश दयाल की गैरमौजूदगी गेंदबाजी में चुनौती बन सकती है।

SRH का टॉप ऑर्डर बनेगा ताकत

हैदराबाद की टीम इस सीजन अपने बल्लेबाजी क्रम पर काफी निर्भर दिख रही है। ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। हेनरिक क्लासन और लियम लिविंगस्टन मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। हालांकि, कप्तान पैट कमिंस की चोट के कारण अनुपस्थिति से टीम का बॉलिंग अटैक कमजोर नजर आ रहा है।

टीम अपडेट और बदलाव

RCB को इस सीजन यश दयाल की कमी खलेगी, जो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं, हेजलवुड शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं होंगे। दूसरी ओर SRH के कप्तान पैट कमिंस शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे, जबकि कुछ अन्य खिलाड़ी भी चोट के चलते बाहर हैं।

संभावित प्लेइंग इलेवन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
विराट कोहली, फिल सॉल्ट, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम

सनराइजर्स हैदराबाद:
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, लियम लिविंगस्टन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, हर्ष दुबे

पिछले सीजन की झलक

बेंगलुरु ने पिछली बार खिताब जीतकर इतिहास रचा था, जबकि हैदराबाद प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच पाई थी। ऐसे में SRH इस मुकाबले से नई शुरुआत करना चाहेगी, जबकि RCB जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेगी।