The Scoopp

 

16वें दिन भी ‘धुरंधर 2’ का तूफान जारी, 1500 करोड़ क्लब में सबसे तेज एंट्री

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 का जलवा लगातार बना हुआ है और फिल्म रुकने का नाम नहीं ले रही। रिलीज के सिर्फ 16 दिनों में इसने दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे यह इस मुकाम तक पहुंचने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है। इससे पहले दंगल, बाहुबली 2 और पुष्पा 2 ही यह उपलब्धि हासिल कर पाई थीं।

कमाई की रफ्तार के मामले में फिल्म ने सभी को पीछे छोड़ दिया है। जहां ‘दंगल’ को 1500 करोड़ तक पहुंचने में लगभग 30 दिन लगे थे और ‘बाहुबली 2’ को 20 दिनों से ज्यादा, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने यह आंकड़ा महज 16 दिनों में छू लिया, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।

ट्रेड आंकड़ों के अनुसार, तीसरे शुक्रवार यानी 16वें दिन फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला। करीब 13 हजार से ज्यादा शोज़ के साथ इसने 21.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1148 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 959.37 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि ओवरसीज में 375 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1523.58 करोड़ रुपये हो गया है।

कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा हिंदी वर्जन से आ रहा है, जबकि अन्य भाषाओं में भी फिल्म ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है। इस बड़ी सफलता के पीछे रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी को अहम माना जा रहा है, जिन्होंने मिलकर एक ऐसा बेंचमार्क तैयार किया है जिसने बॉलीवुड के प्रति दर्शकों का भरोसा और उत्साह दोनों बढ़ाया है।

फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वीकेंड पर इसके कलेक्शन में और इजाफा होगा और आने वाले दिनों में यह कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।