The Scoopp

 

GT vs KKR: अहमदाबाद में आज भिड़ंत, कोलकाता जीत की तलाश में, गुजरात का मनोबल हाई

IPL 2026 का 25वां मुकाबला आज गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा।

इस सीजन में कोलकाता की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है। टीम ने अब तक 5 मैच खेले हैं, जिसमें 4 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। वहीं गुजरात टाइटंस ने 4 मैचों में 2 जीत और 2 हार दर्ज की है, लेकिन टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबले जीतकर फॉर्म में वापसी की है।

अगर दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो गुजरात का पलड़ा भारी दिखाई देता है। IPL में अब तक दोनों के बीच 4 मैच हुए हैं, जिनमें से 3 बार गुजरात ने बाजी मारी है। पिछले सीजन में भी गुजरात ने कोलकाता को 39 रन से हराया था। गुजरात के लिए इस बार जोस बटलर शानदार लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 176 रन बनाए हैं और 2 अर्धशतक जड़े हैं। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने भी कमाल दिखाया है और 4 मैचों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं।

दूसरी ओर, कोलकाता के कई बड़े खिलाड़ी इस सीजन में अभी तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं। कप्तान अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हालांकि अंगकृष रघुवंशी ने जरूर अच्छा खेल दिखाया है और 5 मैचों में 182 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में वैभव अरोड़ा ने 6 विकेट लेकर कुछ हद तक प्रभावित किया है।

अहमदाबाद की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी उछाल के साथ आती है, जिससे बड़े शॉट लगाना आसान होता है। इस सीजन यहां खेले गए पहले मैच में राजस्थान ने 210 रन बनाए थे, लेकिन गुजरात 204 रन तक ही पहुंच सकी थी।

मौसम की बात करें तो आज अहमदाबाद में भीषण गर्मी रहने वाली है। तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
इम्पैक्ट प्लेयर: शाहरुख खान

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, रोवमन पॉवेल, सुनील नारायण, अनूकुल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा
इम्पैक्ट प्लेयर: फिन एलन