Skip to main content

The Scoopp

 

आयुष्मान संग सारा की नई जोड़ी, जासूसी-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ से होगी एंट्री

बॉलीवुड में एक नई ऑनस्क्रीन जोड़ी बनने जा रही है। सारा अली खान और आयुष्मान खुराना जल्द ही जासूसी-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ में साथ नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन आकाश ए कौशिक कर रहे हैं, जबकि करण जौहर समेत कई बड़े नाम इसके प्रोडक्शन से जुड़े हैं। खबरों के मुताबिक, फिल्म को सितंबर में रिलीज करने की तैयारी है और इसकी संभावित तारीख 11 सितंबर बताई जा रही है।

कई फिल्मों में व्यस्त सारा, एक साथ कई प्रोजेक्ट लाइनअप में

सारा अली खान इस समय अपने करियर के व्यस्त दौर में हैं। उनके पास करीब पांच प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें ‘गोलमाल 5’ भी शामिल है, जिसकी शूटिंग जारी है। इसके अलावा वह तीन अन्य अनटाइटल्ड फिल्मों पर भी काम कर रही हैं। वहीं, ‘पति पत्नी और वो दो’ की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है और यह फिल्म जल्द ही दर्शकों के सामने आएगी।

‘पति पत्नी और वो दो’ की रिलीज डेट में बदलाव

मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ पहले मार्च 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 15 मई 2026 तय की गई है। इस फिल्म में सारा के साथ वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार और रेणु रवि चोपड़ा हैं।

कुछ समय से बड़े पर्दे से दूर थीं सारा

सारा अली खान पिछले कुछ समय से फिल्मों में कम नजर आई हैं। उन्होंने हाल ही में आर्यन खान की सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में एक छोटा सा कैमियो किया था। इससे पहले वह अनुराग बासु की फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ में दिखीं, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी।

अब सारा की उम्मीदें ‘उड़ता तीर’ पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि आयुष्मान खुराना के साथ उनकी यह नई जोड़ी दर्शकों को कितनी पसंद आती है और क्या यह फिल्म उनके करियर को नई रफ्तार दे पाएगी।