जापान के लोगों की फिटनेस और लंबी उम्र हमेशा दुनिया के लिए चर्चा का विषय रही है। वहां के लोग आखिर इतने एक्टिव और हेल्दी कैसे रहते हैं, इसका जवाब उनकी रोज सुबह निभाई जाने वाली एक खास परंपरा में छिपा है। जापान में हर दिन सुबह होते ही पार्कों, ऑफिसों और कॉलोनियों में एक खास धुन बजती है, जिसके साथ लोग सामूहिक एक्सरसाइज करना शुरू कर देते हैं। इस परंपरा को ‘रेडियो ताइसो’ कहा जाता है।
करीब 100 साल पुरानी इस फिटनेस परंपरा की शुरुआत साल 1928 में हुई थी। इसमें लोग बिना किसी जिम मशीन या भारी उपकरण के केवल संगीत की ताल पर हल्के-फुल्के व्यायाम करते हैं। पूरी एक्सरसाइज लगभग 10 मिनट में खत्म हो जाती है, लेकिन इसका असर शरीर और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर देखने को मिलता है।
‘रेडियो ताइसो’ में कुल 12 आसान मूवमेंट्स शामिल होती हैं। इनमें स्ट्रेचिंग, हाथ-पैरों की हलचल, कमर घुमाना और शरीर को लचीला बनाने वाले साधारण अभ्यास किए जाते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे बच्चे, बुजुर्ग, नौकरीपेशा लोग और यहां तक कि शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्ति भी आसानी से कर सकते हैं।
जापान में इस अभ्यास को सिर्फ फिटनेस तक सीमित नहीं माना जाता। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह लोगों को घरों से बाहर निकालकर सामाजिक रूप से जोड़ने का भी काम करता है। खासकर बुजुर्गों के लिए यह अकेलेपन और तनाव से बचने का एक बड़ा जरिया बन चुका है। रोज दोस्तों और पड़ोसियों से मिलने की वजह से उनका मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक जापान में हजारों लोग 100 साल से ज्यादा उम्र पार कर चुके हैं और विशेषज्ञ मानते हैं कि नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ यह सामाजिक जुड़ाव भी उनकी लंबी उम्र का अहम कारण है।
दिलचस्प बात यह है कि ‘रेडियो ताइसो’ का विचार मूल रूप से अमेरिका के एक इंश्योरेंस प्रोग्राम से प्रेरित था। हालांकि दूसरे विश्व युद्ध के बाद इस पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई थी, लेकिन लोगों के भारी समर्थन के कारण 1951 में इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। आज भी जापान की सुबह इस परंपरा के बिना अधूरी मानी जाती है।