आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रोमांच से भरे मैच में मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने आखिरी समय तक दबाव बनाए रखते हुए लक्ष्य हासिल किया।
मैच की शुरुआत में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती झटकों के चलते टीम मुश्किल में दिखाई दी। 28 रन तक तीन विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 82 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
नमन धीर ने 47 रनों की अहम पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 57 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। निर्धारित 20 ओवर में मुंबई इंडियंस ने 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा जोश हेजलवुड, रसिक सलाम डार और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक सफलता मिली।
167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और टीम ने जल्दी तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद क्रुणाल पांड्या और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभालते हुए शानदार साझेदारी की। दोनों खिलाड़ियों ने चौथे विकेट के लिए 55 रन जोड़े और टीम को मुकाबले में वापस ला खड़ा किया।
जैकब बेथेल 27 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन क्रुणाल पांड्या अंत तक डटे रहे और 73 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी। मुंबई की तरफ से कॉर्बिन बॉश ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि दीपक चाहर ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं गजनफर और बावा को भी एक-एक विकेट मिला।