Skip to main content

The Scoopp

 

ट्रम्प ने ईरान की नई डील को किया खारिज, बोले- यह प्रस्ताव मंजूर नहीं

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति Donald Trump ने तेहरान की ओर से भेजे गए नए शांति प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने ईरानी पक्ष का जवाब पढ़ा, लेकिन यह उन्हें बिल्कुल स्वीकार्य नहीं लगा। उन्होंने साफ कहा कि मौजूदा शर्तों पर कोई समझौता नहीं हो सकता।

दरअसल, ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को एक नया प्रस्ताव भेजा था। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रस्ताव में युद्ध खत्म करने, होर्मुज स्ट्रेट और फारस की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा बनाए रखने, आर्थिक प्रतिबंध हटाने और परमाणु मुद्दे पर आगे बातचीत का सुझाव दिया गया था।

इससे पहले अमेरिका ने ईरान को 14 बिंदुओं वाला प्रस्ताव सौंपा था। इसमें मांग की गई थी कि ईरान अगले 12 वर्षों तक यूरेनियम संवर्धन बंद करे और अपने पास मौजूद करीब 440 किलो 60% एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंप दे। बदले में वॉशिंगटन ने प्रतिबंधों में राहत, फ्रीज की गई अरबों डॉलर की संपत्तियों को जारी करने और ईरानी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक रोक हटाने का ऑफर दिया था।

हालांकि, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और हाई एनरिच्ड यूरेनियम को पूरी तरह छोड़ने के पक्ष में नहीं दिख रहा। तेहरान का कहना है कि उसने सकारात्मक और व्यावहारिक जवाब दिया है और अब अगला कदम अमेरिका को उठाना चाहिए। फिलहाल दोनों देशों ने 8 अप्रैल से लागू संघर्षविराम खत्म करने का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।