IPL 2026 में आज गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। हैदराबाद की टीम जीत दर्ज करती है तो पॉइंट्स टेबल में टॉप पोजिशन हासिल कर सकती है।
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ईशान किशन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने इस सीजन 11 मुकाबलों में 409 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 186.75 का रहा है। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ ईशान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीन छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया था।
विजयकुमार वैशाख के ओवर में ईशान का बल्ला जमकर बोला। ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेलते हुए डीप स्क्वेयर लेग के ऊपर से गेंद स्टैंड में पहुंचाई। इसके बाद अगली गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर शानदार सिक्स लगाया। पांचवीं गेंद पर भी उन्होंने बड़ा शॉट खेला और करीब 92 मीटर लंबा छक्का जड़ते हुए अपनी फिफ्टी पूरी कर ली।
हालांकि, पंजाब के खिलाफ मुकाबले में ईशान को किस्मत का भी साथ मिला। युजवेंद्र चहल के ओवर में उन्हें दो जीवनदान मिले थे। पहले लॉकी फर्ग्यूसन ने उनका कैच छोड़ दिया, वहीं बाद में विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह आसान स्टंपिंग का मौका नहीं भुना सके।
इस सीजन ईशान किशन ने कप्तान के तौर पर भी प्रभाव छोड़ा है। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में उन्होंने शुरुआती मैचों में टीम की कप्तानी संभाली थी। कप्तानी डेब्यू में RCB के खिलाफ उन्होंने 80 रन की तेजतर्रार पारी खेली थी, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे।
ईशान अब उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो चुके हैं जिन्होंने IPL में कप्तानी डेब्यू पर बड़ी पारियां खेली हैं। इस लिस्ट में पहले से संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर जैसे नाम मौजूद हैं।