IPL 2026 में गुजरात टाइटंस का शानदार प्रदर्शन जारी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। गुजरात की यह लगातार पांचवीं जीत रही।
मैच में टॉस जीतने के बाद हैदराबाद ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन गुजरात के बल्लेबाजों ने मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 61 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 33 गेंदों में अर्धशतक जमाया। हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट लिए। कप्तान पैट कमिंस को भी एक सफलता मिली।
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई। कप्तान पैट कमिंस 19 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर रहे। गुजरात की गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
इस जीत के बाद गुजरात के 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं और टीम टेबल टॉपर बन गई है। वहीं, हैदराबाद 14 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई।
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग-XI
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा।
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-XI
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे।
इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रैविस हेड।