The Scoopp

 

मोदी की अपील के बावजूद गोल्ड मार्केट में उमड़ी भीड़, टैक्स बढ़ने से पहले लोगों ने जमकर खरीदा सोना

सोने पर बढ़ी कस्टम ड्यूटी लागू होने से ठीक पहले देशभर में गोल्ड खरीदारी में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। 13 मई से सरकार द्वारा नई दरें लागू किए जाने के बाद सोना महंगा हो गया है, लेकिन उससे पहले ग्राहकों ने बड़ी संख्या में ज्वेलरी शोरूम्स का रुख किया।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से अपील की थी कि वे अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचें, ताकि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे तनाव का असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर कम पड़े। हालांकि बाजार में इसका उल्टा असर दिखाई दिया और कई शहरों में पैनिक बाइंग शुरू हो गई।

ज्वैलर्स का कहना है कि शादी के सीजन को देखते हुए ग्राहकों ने पहले से ही खरीदारी तेज कर दी। सिर्फ जून-अगस्त ही नहीं, बल्कि साल के आखिर में होने वाली शादियों के लिए भी लोगों ने अभी से सोने के गहने खरीद लिए। ग्राहकों को आशंका थी कि सरकार इम्पोर्ट ड्यूटी या GST में बढ़ोतरी कर सकती है।

इसी बीच सरकार ने सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने का फैसला लागू कर दिया, जिसके बाद कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। बुधवार सुबह MCX पर सोने का भाव 10 ग्राम पर 10 हजार रुपये से ज्यादा बढ़कर करीब 1.64 लाख रुपये तक पहुंच गया।

ज्वेलरी कारोबारियों के मुताबिक पिछले दो दिनों में ब्राइडल ज्वेलरी की बिक्री में करीब 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। बड़े शोरूम्स में रोजाना बिक्री लगभग 25 लाख रुपये तक पहुंच गई, जबकि मध्यम स्तर के स्टोर्स में 15 से 18 लाख रुपये तक का कारोबार हुआ।

मुंबई के मशहूर जवेरी बाजार में भी कारोबार में करीब 20 फीसदी तेजी देखी गई। वहीं दक्षिण भारत में भारी गोल्ड ज्वेलरी की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता का कहना है कि भारत में सोना केवल निवेश नहीं बल्कि परंपरा और सामाजिक प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में लोग भविष्य में टैक्स बढ़ने या सख्त नियम लागू होने से पहले खरीदारी को बेहतर विकल्प मान रहे हैं।