IPL 2026 का 59वां मुकाबला शुक्रवार शाम चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जाएगा। मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रात 7:30 बजे शुरू होगा। चेन्नई के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। दूसरी तरफ ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है और अब सम्मान बचाने के लिए मैदान में उतरेगी।
चेन्नई सुपर किंग्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम लगातार अपने पिछले तीन मुकाबले जीत चुकी है और अंक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। ऐसे में CSK जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। वहीं लखनऊ की टीम इस सीजन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम संघर्ष करती दिखी है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चेन्नई और लखनऊ ने 3-3 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकला था। पिछले सीजन दोनों के बीच खेले गए मुकाबले में CSK ने जीत हासिल की थी। इस सीजन की पहली भिड़ंत भी चेन्नई ने जीती थी।
लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत की खराब फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। हालांकि निकोलस पूरन, मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस जैसे खिलाड़ी अकेले दम पर मैच पलटने की क्षमता रखते हैं। मिचेल मार्श इस सीजन टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 11 मैचों में 377 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 16 विकेट लेकर प्रभावित किया है, लेकिन टीम बड़े स्कोर बचाने में कई बार असफल रही है।
उधर चेन्नई को मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और इलाज के लिए इंग्लैंड लौट चुके हैं। उन्होंने इस सीजन 10 मैचों में 14 विकेट झटके थे। अब गेंदबाजी में नूर अहमद, अंशुल कंबोज और मुकेश चौधरी पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। अंशुल कंबोज 19 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं।
बल्लेबाजी में ऋतुराज गायकवाड, संजू सैमसन और उर्विल पटेल पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। उर्विल ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को तेज शुरुआत दिलाई है, जबकि मिडिल ऑर्डर में शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस से तेजी से रन बनाने की उम्मीद होगी। संजू सैमसन इस सीजन 430 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं।
इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद देती है, लेकिन बल्लेबाज भी यहां बड़े स्कोर बना चुके हैं। इस मैदान पर अब तक 27 IPL मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने ज्यादा मैच जीते हैं। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।