Skip to main content

The Scoopp

 

IPL 2026: ईडन गार्डन्स में आज KKR और GT की टक्कर, कोलकाता के लिए मुकाबला बेहद अहम

IPL 2026 का 60वां मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शुरू होगा। एक तरफ गुजरात की टीम जीत के साथ टॉप-2 में अपनी जगह मजबूत करना चाहेगी, वहीं KKR के लिए यह मुकाबला सीजन बचाने जैसा है।

करीब एक महीने बाद कोलकाता अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेगी। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम अब ऐसी स्थिति में पहुंच चुकी है जहां हार का मतलब प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका हो सकता है। दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात इस समय शानदार लय में दिखाई दे रही है।

हेड टू हेड में गुजरात भारी

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 5 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात टाइटंस ने 4 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि KKR सिर्फ एक बार जीत सकी है। इस सीजन की पहली भिड़ंत अहमदाबाद में हुई थी, जहां गुजरात ने बाजी मारी थी। ऐसे में कोलकाता के पास आज हिसाब बराबर करने का मौका रहेगा।

KKR के सामने करो या मरो की चुनौती

कोलकाता का यह सीजन उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। टीम को शुरुआती मैचों में लगातार हार झेलनी पड़ी और सही कॉम्बिनेशन तलाशने में काफी समय निकल गया। बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव और गलत प्लेइंग इलेवन के कारण टीम स्थिरता हासिल नहीं कर सकी।

हालांकि राजस्थान के खिलाफ जीत के बाद KKR ने लगातार चार मुकाबले जीते थे, लेकिन पिछले मैच में RCB से मिली हार ने टीम की मुश्किलें फिर बढ़ा दीं। अब कोलकाता के पास केवल तीन मैच बाकी हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे हर मुकाबला जीतना होगा।

वरुण चक्रवर्ती की वापसी से बढ़ेगी ताकत

KKR को राहत की खबर यह है कि स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट से उबरकर वापसी कर सकते हैं। पिछले मुकाबले में उनकी कमी साफ नजर आई थी। टीम को इस बार अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह से भी बड़ी उम्मीदें होंगी। अंगकृष ने इस सीजन में तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाकर प्रभावित किया है, जबकि रिंकू सिंह ने फिनिशर की भूमिका में कई अहम पारियां खेली हैं। घरेलू मैदान पर इन दोनों बल्लेबाजों की जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी।

गुजरात की टीम पूरे संतुलन में

गुजरात टाइटंस इस समय टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जा रही है। टीम लगातार पांच मुकाबले जीत चुकी है और अंक तालिका में शीर्ष स्थान के बेहद करीब है। कप्तान शुभमन गिल खुद शानदार फॉर्म में हैं और साई सुदर्शन भी लगातार रन बना रहे हैं। सुदर्शन ऑरेंज कैप की रेस में मजबूती से बने हुए हैं और उन्होंने इस सीजन में 500 से ज्यादा रन बना लिए हैं। वहीं गेंदबाजी में कगिसो रबाडा, राशिद खान और मोहम्मद सिराज विरोधी टीमों के लिए लगातार मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं।

ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट

ईडन गार्डन्स की पिच इस बार स्पिन गेंदबाजों को मदद देती नजर आई है। हालांकि बल्लेबाजों के लिए भी यहां रन बनाना आसान रहा है क्योंकि आउटफील्ड तेज है और बाउंस अच्छा मिलता है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज असर डाल सकते हैं, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनर्स अहम भूमिका निभाएंगे। इस मैदान पर अब तक 104 IPL मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है।

मौसम बिगाड़ सकता है खेल

कोलकाता में आज मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है। शाम के समय हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। ऐसे में मैच के दौरान मौसम भी अहम फैक्टर बन सकता है।

संभावित प्लेइंग-12

कोलकाता नाइट राइडर्स:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, मनीष पांडे।

गुजरात टाइटंस:
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, निशांत सिंधु।