IPL 2026 का 64वां मुकाबला आज जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। प्लेऑफ की उम्मीदें बचाए रखने के लिए राजस्थान को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, जबकि लखनऊ पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
राजस्थान की टीम इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी है। ऐसे में टीम पर होम ग्राउंड पर पहली जीत हासिल करने का दबाव रहेगा। दूसरी ओर, लखनऊ बिना किसी दबाव के मैदान में उतरेगी और राजस्थान की राह मुश्किल बनाने की कोशिश करेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक IPL में 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें राजस्थान का पलड़ा भारी रहा है। RR ने 5 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि लखनऊ को सिर्फ 2 जीत मिली हैं। इस सीजन की पहली भिड़ंत में भी राजस्थान ने इकाना स्टेडियम में बाजी मारी थी।
राजस्थान की बल्लेबाजी काफी हद तक युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रही है। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने टीम को कई बार तेज शुरुआत दिलाई है। उन्होंने 12 मैचों में 486 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 234.78 का रहा है। हालांकि, दूसरे छोर से यशस्वी जायसवाल का लगातार साथ नहीं मिल पाया।
कप्तान रियान पराग शुरुआती मैचों में संघर्ष करते दिखे थे, लेकिन पिछले कुछ मुकाबलों में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, हैमस्ट्रिंग की समस्या टीम के लिए चिंता बनी हुई है। ध्रुव जुरेल ने भी मध्यक्रम में उपयोगी पारियां खेली हैं।
गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने इस सीजन 17 विकेट लिए हैं और डेथ ओवर्स में टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है।
वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की बात करें तो टीम की बल्लेबाजी पूरे सीजन अस्थिर रही है। लेकिन पिछले मैच में मिचेल मार्श ने चेन्नई के खिलाफ 90 रन की दमदार पारी खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। मार्श इस सीजन 467 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं।
कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला इस सीजन खामोश रहा है। वे अपनी बल्लेबाजी पोजिशन को लेकर भी लगातार बदलाव करते नजर आए हैं। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 मैचों में 16 विकेट झटके हैं।
जयपुर की पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद देती है, लेकिन बाद में बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। इस मैदान पर IPL में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 166 रन रहा है। यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। जयपुर में गर्मी काफी तेज रहेगी और तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।
संभावित प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स:
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, डोनोवन फरेरा, रवि सिंह, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, बृजेश शर्मा, यश राज पूंजा।
लखनऊ सुपर जायंट्स:
मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऐडन मार्करम, ऋषभ पंत, मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, प्रिंस यादव।