Skip to main content

The Scoopp

 

इटली पहुंचे पीएम मोदी, मेलोनी संग होगी अहम बातचीत; व्यापार और रक्षा सहयोग पर रहेगा जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंच चुके हैं। आज उनकी मुलाकात इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से होगी, जहां दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, भारत और इटली अपने संबंधों को नई ऊंचाई देने की तैयारी में हैं। दोनों देश आपसी रिश्तों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने पर विचार कर सकते हैं। इसके साथ ही नियमित वार्षिक बैठकों की रूपरेखा पर भी बातचीत संभव है।

पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे कई अहम कार्यक्रमों और बिजनेस मीटिंग्स में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि भारत और इटली के बीच रक्षा, हरित ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नए समझौते हो सकते हैं।

दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापार 14 अरब यूरो से अधिक पहुंच चुका है और आने वाले समय में इसे और बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। खासतौर पर एडवांस टेक्नोलॉजी, मशीनरी और औद्योगिक निवेश को लेकर दोनों पक्ष काफी गंभीर नजर आ रहे हैं। इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी वहां के प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारी प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में भारत में निवेश बढ़ाने और नई इंडस्ट्रियल पार्टनरशिप को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।

वैश्विक मुद्दे भी इस मुलाकात का बड़ा हिस्सा रहेंगे। मोदी और मेलोनी के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे विषयों पर बातचीत हो सकती है।

गौरतलब है कि पीएम मोदी इससे पहले जून 2024 में जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली गए थे। वहीं इस बार के विदेश दौरे में वे UAE, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करने के बाद अब इटली पहुंचे हैं।