The Scoopp

 

पंजाबी कलाकार इंदर कौर की संदिग्ध मौत, नहर से मिला शव; पुलिस हत्या के एंगल से कर रही जांच

पंजाब के लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर की मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। करीब 29 वर्षीय इंदर पिछले छह दिनों से लापता थीं। मंगलवार को पुलिस ने उनका शव नीलोन नहर से बरामद किया, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हत्या से जोड़कर देख रही है।

जानकारी के मुताबिक, इंदर 13 मई की शाम अपने घर से सफेद फोर्ड फिगो कार में बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। परिवार ने सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा नाम के व्यक्ति पर शक जताया है।

परिजनों का आरोप है कि सुखविंदर इंदर पर शादी का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। जब इंदर को इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने उससे दूरी बना ली थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इंदर और सुखविंदर की पहचान कई साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। सूत्रों के मुताबिक आरोपी कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था और घटना के बाद उसी रास्ते से फरार हो गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले नहर से इंदर की कार बरामद की। इसके एक दिन बाद उसी नहर से उनका शव भी मिला। पहले इस मामले में अपहरण का केस दर्ज किया गया था, लेकिन अब हत्या समेत कई गंभीर धाराएं जोड़ दी गई हैं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पिता प्रीतम सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। इंदर कौर पहले पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ी थीं, हालांकि पिछले कुछ समय से वह बुटीक और मेकअप के काम में सक्रिय थीं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।