भीषण गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए लोग कई तरह के देसी पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, लेकिन मसालेदार तड़के वाली छाछ स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहद खास मानी जाती है। दही से तैयार होने वाली यह ड्रिंक न सिर्फ शरीर को ठंडक देती है, बल्कि पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखने में मदद करती है। खास बात यह है कि इसमें डाले जाने वाले मसाले इसकी खुशबू और स्वाद को और भी शानदार बना देते हैं। अगर आप घर पर होटल जैसी झागदार और चटपटी तड़का छाछ बनाना चाहते हैं, तो जान लें इसकी आसान रेसिपी।
तड़के वाली छाछ के लिए जरूरी सामग्री
स्वादिष्ट छाछ तैयार करने के लिए आधा लीटर छाछ लें। इसमें स्वादानुसार नमक, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर डालें। तड़के के लिए एक चम्मच घी, आधा छोटा चम्मच साबुत जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च और कुछ करी पत्ते रखें। ऊपर से ताजगी के लिए हरा धनिया और पुदीना भी डाल सकते हैं।
ऐसे बनाएं मसालेदार तड़का छाछ
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में छाछ लें और उसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा डालकर अच्छी तरह फेंट लें। इसके बाद गैस पर पैन चढ़ाएं और उसमें घी गर्म करें। अब गर्म घी में जीरा, करी पत्ता और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। जब जीरे की खुशबू आने लगे और उसका रंग बदल जाए, तब गैस बंद कर दें।
अब तैयार तड़के को छाछ में डालें और अच्छे से मिला दें। आखिर में ऊपर से बारीक कटा धनिया और पुदीना डालकर छाछ को कुछ देर ठंडा करें और फिर सर्व करें।
छाछ पीने से मिलते हैं ये फायदे
तड़के वाली छाछ गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। यह पेट की गर्मी शांत करती है और खाना पचाने में भी फायदेमंद मानी जाती है। नियमित रूप से छाछ पीने से एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है। साथ ही इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने और वजन नियंत्रित रखने में भी मदद करते हैं।
(Photo : AI Generated)