ओटीटी की दुनिया में तहलका मचाने वाली मशहूर सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर अपना जलवा दिखाने जा रही है। मेकर्स इस बार दर्शकों के लिए एक ऐसा सिनेमाई अनुभव लेकर आ रहे हैं, जिसमें पुराने किरदारों की भौकाल एंट्री के साथ कई नए ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज एक्शन देखने को मिलेगा। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा चल रही थी और अब फिल्म की रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
फिल्म में एक बार फिर दिव्येंदु अपने चर्चित किरदार ‘मुन्ना भैया’ के रूप में नजर आएंगे। तीसरे सीजन में किरदार की मौत के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने जिस तरह भावुक प्रतिक्रियाएं दी थीं, उसने मेकर्स को भी चौंका दिया था। अब मुन्ना भैया की वापसी को लेकर दर्शकों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।
दिव्येंदु ने फिल्म को लेकर कहा कि यह दर्शकों को पुराने ‘मिर्जापुर’ की याद दिलाएगी, लेकिन इस बार कहानी और हालात पूरी तरह अलग होंगे। उनके मुताबिक फिल्म का स्केल पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और सिनेमाई होगा। उन्होंने बताया कि पहले सीजन वाले किरदारों की वही पुरानी झलक देखने को मिलेगी, जिसने दर्शकों को इस दुनिया का दीवाना बनाया था।
अभिनेता ने यह भी माना कि मुन्ना भैया के किरदार को दोबारा निभाना उनके लिए आसान नहीं था। उनके मन में यह सवाल लगातार था कि किरदार को नए अंदाज में पेश करें या फिर पहले जैसी ही एनर्जी बरकरार रखें। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को उनका यह नया अवतार जरूर पसंद आएगा।
फिल्म इंडस्ट्री में भी इस प्रोजेक्ट को लेकर खास चर्चा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर एक सफल वेब सीरीज का फिल्मी रूपांतरण बॉक्स ऑफिस पर कामयाब होता है, तो आने वाले समय में कई और ओटीटी शोज को फिल्मों में बदला जा सकता है। इसे मनोरंजन कारोबार में एक नए ट्रेंड की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस के तहत बन रही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने तैयार की है। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।