The Scoopp

 

IPL 2026: प्लेऑफ की आस बचाने उतरेगी पंजाब, लखनऊ से इकाना में होगी टक्कर

IPL 2026 में शनिवार शाम पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पंजाब के लिए जीत बेहद जरूरी मानी जा रही है। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम की प्लेऑफ उम्मीदें अब दूसरे मैचों के नतीजों पर भी टिक गई हैं। वहीं लखनऊ पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम सीजन का अंत जीत के साथ करना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक IPL में 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पंजाब ने 4 और लखनऊ ने 3 मैच जीते हैं। मौजूदा सीजन में पहले हुए मुकाबले में पंजाब ने बाजी मारी थी।

लखनऊ को पंत-पूूरन से बड़ी पारी का इंतजार

लखनऊ की बल्लेबाजी में मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस शानदार लय में नजर आए हैं। पिछले मैच में दोनों बल्लेबाजों ने तेज साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। हालांकि निकोलस पूरन हाल के मैचों में ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं। कप्तान ऋषभ पंत का प्रदर्शन भी इस सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, ऐसे में फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। उन्होंने लगातार विकेट निकालकर टीम को मैचों में बनाए रखा। वहीं मोहम्मद शमी की वापसी पर भी नजर रहेगी।

पंजाब की बल्लेबाजी बनी चिंता

सीजन की शुरुआत में शानदार फॉर्म में दिखी पंजाब किंग्स अब लगातार हार से जूझ रही है। टीम के ओपनर प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह पिछले कुछ मुकाबलों में रन बनाने में संघर्ष करते दिखे हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला भी शांत रहा है, जिससे मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ गया है। टीम के लिए कूपर कोनोली ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि अर्शदीप सिंह गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पंजाब की खराब फील्डिंग और कमजोर डेथ बॉलिंग भी हार की बड़ी वजह बनी है।

इकाना की पिच पर गेंदबाजों को मदद

लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच आम तौर पर धीमी मानी जाती है। यहां स्पिनर्स को टर्न मिलता है, जबकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और मूवमेंट भी मिलती है। इसी वजह से यहां बड़े स्कोर कम देखने को मिलते हैं और औसतन 165-170 रन का टोटल चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इस मैदान पर IPL में अब तक 28 मैच खेले गए हैं। इनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को ज्यादा सफलता मिली है।

मौसम रहेगा गर्म, बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान लखनऊ में गर्मी काफी ज्यादा रहेगी। शाम के समय तापमान 36 डिग्री के आसपास रह सकता है। आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है।

संभावित प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जायंट्स:
मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह, प्रिंस यादव।

पंजाब किंग्स:
प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह।