इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत और इजरायल के मजबूत संबंधों की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जहां इजरायल को सबसे ज्यादा समर्थन और सम्मान मिलता है। नेतन्याहू ने दावा किया कि दुनिया के किसी भी देश की तुलना में भारत में उनके सबसे अधिक समर्थक और फॉलोवर्स मौजूद हैं।
वेस्ट बैंक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि कई देशों में इजरायल को आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत का रवैया इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने भारतीय जनता के बीच इजरायल के प्रति मौजूद सकारात्मक भावना को “अविश्वसनीय” बताया।
नेतन्याहू ने कहा कि भारतीय लोग इजरायल के नागरिकों के लिए खास लगाव रखते हैं और यही वजह है कि दोनों देशों की दोस्ती लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में उन्हें जो समर्थन मिलता है, वह दुनिया के बाकी हिस्सों से बिल्कुल अलग अनुभव है।
दरअसल, हाल के महीनों में भारत और इजरायल के बीच रिश्तों में तेजी से मजबूती आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। इस दौरान पीएम मोदी और नेतन्याहू के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
दोनों देशों ने रक्षा, तकनीक, साइबर सुरक्षा, व्यापार, कृषि, ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई थी। इसके अलावा सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, फिनटेक, बायोटेक और डिजिटल हेल्थ सेक्टर में भी साझेदारी मजबूत करने पर बातचीत हुई थी।
पीएम मोदी ने अपनी यात्रा के दौरान गाजा में शांति बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया था। वहीं, वैश्विक मंच पर मोदी और नेतन्याहू की करीबी को भारत-इजरायल संबंधों की सबसे मजबूत कड़ी माना जाता है।