The Scoopp

 

मेटा लाएगा इंस्टाग्राम-फेसबुक-व्हॉट्सएप के पेड वर्जन, यूजर्स को मिलेंगे एक्स्ट्रा फीचर्स

सोशल मीडिया दिग्गज मेटा अब अपने प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हॉट्सएप के लिए नए सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम कर रही है। कंपनी ने इन एप्स के ‘प्लस’ वर्जन पेश करने का ऐलान किया है, जिनमें यूजर्स को कई एडवांस फीचर्स और पर्सनलाइजेशन ऑप्शन मिलेंगे। इसके जरिए मेटा विज्ञापनों के अलावा कमाई का नया रास्ता तैयार करना चाहती है।

कंपनी ने फिलहाल इन प्लान्स को ग्लोबली लॉन्च करने की जानकारी दी है, लेकिन भारत में इन्हें कब शुरू किया जाएगा, इसकी तारीख सामने नहीं आई है। भारत मेटा का सबसे बड़ा यूजर मार्केट माना जाता है, इसलिए यहां फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा सकता है।

इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लस में क्या मिलेगा?

नए प्लस प्लान खासतौर पर उन यूजर्स और क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं जो अपनी प्रोफाइल और कंटेंट पर ज्यादा कंट्रोल चाहते हैं।

  • यूजर्स अलग-अलग लोगों के लिए अलग प्राइवेट लिस्ट बना सकेंगे। यानी अब सिर्फ एक ‘क्लोज फ्रेंड्स’ लिस्ट तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा।
  • स्टोरीज को 24 घंटे बाद हटाने की बाध्यता खत्म हो जाएगी और चाहें तो ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रखा जा सकेगा।
  • हफ्ते में एक बार किसी स्टोरी को ‘स्पॉटलाइट’ करने का विकल्प मिलेगा, जिससे उसकी पहुंच बढ़ेगी।
  • किसी की स्टोरी देखने पर आपका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा।
  • प्रोफाइल पर फोटो या वीडियो सेव करने पर दोस्तों के फीड में अलग से पोस्ट या नोटिफिकेशन नहीं जाएगा।
  • नए फॉन्ट्स, स्पेशल रिएक्शन और कस्टम ऐप आइकॉन जैसे डिजाइन फीचर्स भी दिए जाएंगे।

व्हॉट्सएप प्लस में मिलेंगे ये फीचर्स

व्हॉट्सएप के पेड वर्जन को खास तौर पर कस्टमाइजेशन और चैटिंग अनुभव बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

  • चैट थीम बदलने की सुविधा
  • कस्टम रिंगटोन
  • ज्यादा पिन चैट्स
  • अलग-अलग चैट लिस्ट मैनेजमेंट
  • प्रीमियम स्टिकर्स

मेटा AI के लिए भी तैयार हो रहे नए प्लान

मेटा अपने AI यूजर्स के लिए भी दो नए सब्सक्रिप्शन मॉडल टेस्ट कर रही है।

  • मेटा वन प्लस: 7.99 डॉलर प्रति महीना
  • मेटा वन प्रीमियम: 19.99 डॉलर प्रति महीना

दोनों प्लान्स में AI फीचर्स मिलेंगे, लेकिन प्रीमियम वर्जन में हाई-लेवल रीजनिंग और एडवांस इमेज-वीडियो जनरेशन की क्षमता दी जाएगी। हालांकि सामान्य यूजर्स के लिए बेसिक मेटा AI मुफ्त रहेगा।

क्रिएटर्स और बिजनेस के लिए अलग प्रीमियम प्लान

मेटा कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस अकाउंट्स के लिए भी खास सब्सक्रिप्शन तैयार कर रही है।

मेटा वन एसेंशियल

इस प्लान में वेरिफाइड बैज, फेक अकाउंट से सुरक्षा और सभी सोशल प्लेटफॉर्म लिंक जोड़ने की सुविधा मिलेगी।

मेटा वन एडवांस

इसमें यूजर्स को फेसबुक फीड में ज्यादा विजिबिलिटी, सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखने, रील्स पर हाईलाइटेड फॉलो बटन और ऑटो फॉलो इनविटेशन जैसे फीचर्स दिए जाएंगे। साथ ही बिजनेस यूजर्स को एनालिटिक्स और टीम एक्सेस मैनेजमेंट टूल्स भी मिलेंगे। अगर कोई अन्य यूजर उनका कंटेंट इस्तेमाल करेगा तो ओरिजिनल क्रिएटर को नोटिफिकेशन भी मिलेगा, ताकि वे क्रेडिट क्लेम कर सकें।

सोशल मीडिया कंपनियां अब क्यों बदल रही हैं रणनीति?

अब तक फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हॉट्सएप पूरी तरह विज्ञापनों और यूजर डेटा के जरिए कमाई करते थे। लेकिन अब नए यूजर्स की संख्या बढ़ने की रफ्तार धीमी हो गई है। दूसरी ओर, दुनियाभर में प्राइवेसी नियम सख्त होने से विज्ञापन कारोबार पर दबाव बढ़ा है।

इसी वजह से मेटा अब एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स की राह पर चलते हुए पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल को मजबूत करने की तैयारी कर रही है।

(Photo : AI Generated)