The Scoopp

 

IPL 2026 Final: RCB ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन, कोहली की तूफानी पारी से गुजरात पर जीत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2026 का खिताब अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती। टीम की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने नाबाद 75 रन बनाकर अंत तक मोर्चा संभाला और विजयी छक्का लगाकर मैच खत्म किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतने के बाद बेंगलुरु ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुजरात की बल्लेबाजी शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और निशांत सिंधु बड़ी पारी नहीं खेल सके। जोस बटलर भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए।

एक छोर पर वॉशिंगटन सुंदर ने संघर्ष करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जिसकी बदौलत गुजरात 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन तक पहुंच सकी। RCB की ओर से रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रन जोड़कर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। वेंकटेश ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए।

हालांकि इसके बाद देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या जल्दी आउट हो गए, लेकिन कोहली ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन बनाए रखा। टिम डेविड ने 24 रन की उपयोगी पारी खेलकर उनका साथ दिया। अंत में जितेश शर्मा के साथ मिलकर कोहली ने 18वें ओवर में ही टीम को जीत दिला दी।

इस जीत के साथ RCB लगातार दो IPL खिताब जीतने वाली तीसरी फ्रेंचाइजी बन गई है। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के नाम थी। बेंगलुरु ने पिछले सीजन भी इसी मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी उठाई थी।

वैभव सूर्यवंशी बने सीजन के सबसे बड़े रनवीर

IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने 16 मुकाबलों में 776 रन बनाए। इस सूची में गुजरात के शुभमन गिल 732 रन और साई सुदर्शन 722 रन के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

फाइनल में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अरशद खान, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रोमारियो शेफर्ड, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम।
इम्पैक्ट प्लेयर: वेंकटेश अय्यर।