Skip to main content

The Scoopp

 

भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज से पहले टीमों का ऐलान: हैरी ब्रूक संभालेंगे इंग्लैंड की कमान, आयरलैंड ने लॉरकन टकर को बनाया कप्तान

भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज को लेकर इंग्लैंड और आयरलैंड ने अपनी-अपनी टीमों की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड की टीम की जिम्मेदारी युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक को सौंपी गई है, जबकि आयरलैंड ने भी अपनी टीम में बड़ा बदलाव करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज लॉरकन टकर को नया टी20 कप्तान नियुक्त किया है।

इंग्लैंड की 17 सदस्यीय टीम में युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार शामिल किया गया है। वहीं आयरलैंड ने भी नए चेहरों पर भरोसा जताते हुए कई युवा खिलाड़ियों को टीम में जगह दी है। भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज 26 और 28 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मॉन्ट मैदान पर खेली जाएगी। इसके बाद 1 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी।

आयरलैंड को बड़ा झटका, पांच प्रमुख गेंदबाज चोटिल

भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले आयरलैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के कई अहम तेज गेंदबाज चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं। जोश लिटिल स्ट्रेस फ्रैक्चर, मार्क अडेयर एब्डॉमिनल इंजरी, कर्टिस कैंफर हाथ में फ्रैक्चर, बैरी मैकार्थी लिगामेंट इंजरी और जॉर्डन नील कंधे व पैर की चोट के चलते उपलब्ध नहीं होंगे।

इसके अलावा टीम के अनुभवी खिलाड़ी पॉल स्टर्लिंग भी चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं। स्टर्लिंग के बाहर होने के बाद लॉरकन टकर को कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले भी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान स्टर्लिंग की गैरमौजूदगी में टकर टीम की कप्तानी कर चुके हैं।

आयरलैंड टीम में युवाओं को मौका, तीन खिलाड़ियों का डेब्यू संभव

आयरलैंड ने अपनी 14 सदस्यीय टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। रूबेन विल्सन, जय मूंद्रा और मैट हॉलार्ड को पहली बार टी20 टीम में जगह मिली है।

रूबेन विल्सन पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं, जबकि जय मूंद्रा और मैट हॉलार्ड आयरलैंड के लिए किसी भी फॉर्मेट में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल सकते हैं।

लेग स्पिन ऑलराउंडर गेविन होए को भी पहली बार टी20 टीम में चुना गया है। उन्हें बेन व्हाइट की जगह टीम में शामिल किया गया है। वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज क्रेग यंग को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।

टॉप ऑर्डर बल्लेबाज स्टीफन डोहेनी को भी टीम में वापस बुलाया गया है। उन्हें सैम टॉपिंग की जगह शामिल किया गया है। वहीं लियाम मैकार्थी भी टीम के साथ हैं, जो अपना दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल सकते हैं।

इंग्लैंड में ब्रूक को कप्तानी, कोल्स की पहली एंट्री

भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने अपनी मजबूत टीम उतारी है। टीम की कप्तानी हैरी ब्रूक करेंगे। युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार इंग्लैंड की टी20 टीम में शामिल किया गया है।

कोल्स ने घरेलू क्रिकेट, ससेक्स और इंग्लैंड लायंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने के साथ-साथ मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं।

हाल ही में द हंड्रेड लीग के ऑक्शन में लंदन स्पिरिट ने कोल्स को 3.90 लाख पाउंड यानी करीब 4.88 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे।

भारत से हारने वाली वर्ल्ड कप टीम पर भरोसा बरकरार

इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ खेलने वाली टीम के कई खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर और अनुभवी स्पिनर लियाम डॉसन को फिर से मौका दिया गया है।

टीम में जोफ्रा आर्चर, रेहान अहमद, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स और जोश टंग जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। वहीं चोट के कारण जेमी ओवरटन और ब्रायडन कार्स चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।

बेन डकेट को टीम से बाहर रखा गया है, जबकि सन्नी बेकर, साकिब महमूद और जॉर्डन कॉक्स की वापसी हुई है।

भारत के खिलाफ आयरलैंड की टी20 टीम

लॉरकन टकर (कप्तान/विकेटकीपर), रॉस अडेयर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गेविन होए, मैट हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंद्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर और रूबेन विल्सन।

भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टी20 टीम

हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सन्नी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।