उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या से सनसनी फैल गई। 32 वर्षीय अंकित को बदमाशों ने उस समय निशाना बनाया, जब वह रोज की तरह जिम से कसरत करने के बाद बाहर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर पहले से ही वहां घात लगाए बैठे थे। अंकित के बाहर आते ही उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 15 से 18 राउंड फायर किए। अंकित के सिर और पेट समेत शरीर में पांच गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क किनारे गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिवार और गांव के लोगों में हत्या को लेकर भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर जाम लगा दिया। देर रात तक लोग सड़क पर डटे रहे। अंकित की मां बेटे का सिर गोद में रखकर बैठी रहीं और बदहवास हालत में उसे सोया हुआ बताती रहीं। इस दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।
स्कॉर्पियो में बैठने की कोशिश कर रहे थे अंकित
वारदात को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, अंकित बुधवार को शाम करीब 4 बजे जिम पहुंचे थे। वह पिछले करीब एक साल से नियमित रूप से वहां व्यायाम करने आते थे। करीब तीन घंटे बाद जब वह जिम से बाहर निकले तो हमलावरों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अंकित अपनी स्कॉर्पियो के पास पहुंचे ही थे कि बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जान बचाने के लिए उन्होंने गाड़ी के अंदर जाने का प्रयास किया। ड्राइविंग सीट की तरफ दीवार होने के कारण वह दूसरी तरफ से वाहन में बैठने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने गाड़ी का दरवाजा खोल दिया और बेहद नजदीक से फायरिंग कर दी।
फायरिंग में स्कॉर्पियो के आगे के शीशे में भी गोलियां लगीं। अंकित को कई गोलियां लगीं और वह नाले के पास सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। बताया गया है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आए थे।
करीब दो मिनट तक होती रही गोलीबारी
जिम के आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चार हमलावर घटना में शामिल थे। उनके पास पिस्टल थीं। हमलावरों ने करीब दो मिनट तक फायरिंग की, जिससे आसपास के इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जिम संचालक रवि शर्मा के अनुसार, अंकित रोजाना वहां आते थे और बुधवार को भी सामान्य तरीके से जिम पहुंचे थे। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि बाहर निकलते ही उन पर हमला हो जाएगा। गोलियों की आवाज सुनकर जिम के भीतर मौजूद लोग बाहर पहुंचे तो अंकित घायल अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर वहां से कारतूस के खोखे बरामद किए। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की गतिविधियों और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
हत्या के बाद सड़क पर बैठी मां, लोगों में भारी गुस्सा
अंकित की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचने लगे। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। अंकित के गांव से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
लोगों का आरोप था कि इलाके में पुलिस की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बदमाश इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग भी उठाई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुला ली। वर्मा मार्केट तिराहे के पास बैरियर लगाए गए और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। करीब चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।
बड़े अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
मामला बढ़ता देख मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह भी शामली पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
डीएम आलोक यादव और एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी परिजनों से बातचीत की। काफी देर तक परिवार और ग्रामीण शव को सड़क से हटाने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और खाप प्रतिनिधियों ने भी परिवार से बातचीत की।
भाजपा एमएलसी वीरेंद्र गुर्जर और गठवाला खाप के थांबेदार बाबा श्याम सिंह ने अंकित के पिता सतबीर को समझाने की कोशिश की। कई दौर की बातचीत के बाद रात करीब 12 बजे जाम खुलवाया जा सका। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिवार के मुताबिक, गुरुवार को अंकित का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मां बोलीं- मेरा बेटा सो रहा है
हत्या के बाद का सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब अंकित की मां अमरेश बेटे का सिर अपनी गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। वह लगातार रो रही थीं और कह रही थीं कि उनका बेटा सो रहा है।
अंकित के छोटे भाई विक्की ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि शामली में जगह-जगह चेकिंग के बावजूद हमलावर हथियार लेकर आए और इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
अंकित के पिता सतबीर से भी अधिकारियों ने बातचीत की। सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं। परिवार के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजने को तैयार हुए।
हरियाणा से जुड़े विवाद की भी जांच
पुलिस फिलहाल हत्या की असली वजह तलाशने में जुटी है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी हरियाणा से हो सकते हैं। पुलिस की टीमें पानीपत, पंजाब और अन्य संभावित ठिकानों पर भेजी गई हैं।
बताया जा रहा है कि करीब सात-आठ महीने पहले अंकित का हरियाणा में किसी मामले को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद का हत्या से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल किसी एक वजह को हत्या का कारण नहीं मान रही है और सभी संभावित एंगल पर पड़ताल कर रही है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य जानकारियों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
हत्या से एक घंटे पहले गाना किया था पोस्ट
अंकित बालियान सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते थे। हत्या से करीब एक घंटे पहले, शाम लगभग 6 बजे उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह कार में बैठकर एक गाना गाते नजर आ रहे थे। इस वीडियो के कुछ ही समय बाद उनकी हत्या कर दी गई।
अंकित अपने संगीत में अक्सर हथियार और अपराध की दुनिया से जुड़े विषयों का इस्तेमाल करते थे। उनके गाने युवाओं के बीच काफी चर्चित हुए थे। 15 फरवरी 2023 को उनका ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाना रिलीज हुआ था। विवाद के बाद इस गाने पर प्रतिबंध भी लगाया गया था। इसी के बाद उन्हें हरियाणवी संगीत की दुनिया में ज्यादा पहचान मिली।
उनके एक अन्य गीत के बोल भी गोलीबारी और गन कल्चर से जुड़े थे। हत्या वाले दिन उन्होंने जिस गीत का वीडियो साझा किया, उसमें भी सड़क पर हत्या से जुड़ी लाइनें थीं। अब पुलिस उनके सोशल मीडिया पोस्ट और पुराने विवादों की भी जांच कर रही है।
2023 में निकाला था रोड शो, दर्ज हुई थी FIR
अंकित बालियान का नाम वर्ष 2023 में शामली में हुए एक रोड शो को लेकर भी चर्चा में आया था। 27 जुलाई 2023 को लिलौन बाईपास पर उनके स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके बाद वाहनों और मोटरसाइकिलों के साथ काफिला निकाला गया था।
पुलिस के अनुसार, इस आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। रोड शो के दौरान कुछ समर्थकों पर हुड़दंग करने के आरोप भी लगे थे। मामले में अंकित बालियान समेत 40 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
हालांकि, मौजूदा हत्या का उस पुराने मामले से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी पुलिस ने नहीं की है। जांच अधिकारी अंकित के पुराने विवादों, संपर्कों और हाल के घटनाक्रमों की जानकारी जुटा रहे हैं।
शामली में जन्म, सोनीपत में रहते थे
अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। हरियाणवी गानों के कारण उन्हें हरियाणा में भी पहचान मिली और वह सोनीपत में रहते थे। हालांकि पिछले कुछ महीनों से वह अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे।
अंकित दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता सतबीर सेना से रिटायर्ड हैं, जबकि मां अमरेश गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई का नाम विक्की बताया गया है। अंकित शादीशुदा थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी।
वह केवल गायक ही नहीं थे, बल्कि यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए भी अपनी पहचान बना चुके थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले कुछ समय में उनका किन लोगों से विवाद हुआ था और क्या किसी व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी थी।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चारों हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान जल्द स्पष्ट होने की उम्मीद है।