The Scoopp

 

अगस्त बॉक्स ऑफिस पर बढ़ेगी टक्कर: सलमान-सनी के बीच अब सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘VVAN’ की एंट्री

इस साल कई बड़ी फिल्मों की रिलीज डेट बार-बार बदलने से बॉक्स ऑफिस का पूरा कैलेंडर ही गड़बड़ा गया है। अब हालात ऐसे हैं कि अगस्त 2026 एक बड़ा फिल्मी मुकाबले का महीना बनने जा रहा है, जहां कई स्टार्स अपनी-अपनी फिल्मों के साथ किस्मत आजमाने उतरेंगे।

इसी बीच अब एक और फिल्म ने इस रेस में जगह बना ली है, जिसका इंतजार लंबे समय से हो रहा था। यह फिल्म है सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘VVAN’, जो पहले कई बार टल चुकी है। खास बात ये है कि इसकी रिलीज पर अक्षय कुमार की फिल्म का भी असर पड़ा था, जिसकी वजह से इसे आगे बढ़ाना पड़ा।

दरअसल, ‘VVAN’ की शुरुआत में 2025 में रिलीज की योजना थी, लेकिन शूटिंग पूरी न होने के चलते इसे टाल दिया गया। इसके बाद फिल्म को मई 2026 में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन उसी दौरान अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ की घोषणा हो गई, जिससे फिर एक बार इसकी तारीख बदलनी पड़ी। दिलचस्प बात ये रही कि बाद में अक्षय की फिल्म की डेट भी बदल गई, लेकिन तब तक सिद्धार्थ की फिल्म आगे खिसक चुकी थी।

अब आखिरकार मेकर्स ने नई रिलीज डेट तय कर दी है। बालाजी मोशन पिक्चर्स और TVF के बैनर तले बनी यह फोकलोर थ्रिलर फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को रक्षा बंधन के आसपास रिलीज करने का फैसला इसलिए लिया गया है ताकि छुट्टियों का फायदा मिल सके और ज्यादा से ज्यादा दर्शक थिएटर तक पहुंचें।

इस फिल्म का निर्देशन अरुणाभ कुमार और दीपक मिश्रा कर रहे हैं। वहीं, अगस्त में पहले से ही कई बड़ी फिल्में लाइन में हैं। सनी देओल की ‘लाहौर 1947’, कार्तिक आर्यन की ‘नागजिला’ और सलमान खान की ‘मातृभूमि’ जैसी फिल्मों के आने की भी चर्चा है। इसके अलावा रणबीर कपूर और विकी कौशल की ‘लव एंड वॉर’ को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फिल्म भी इसी महीने रिलीज हो सकती है।

लगातार बदलती रिलीज डेट्स के बीच अब अगस्त का महीना दर्शकों के लिए एंटरटेनमेंट से भरपूर होने वाला है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इतने बड़े क्लैश में कौन सी फिल्म बाजी मारती है।