भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो सकते हैं, जबकि रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर भी अंतिम फैसला अभी बाकी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहली को हाल ही में आईपीएल फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग से जुड़ी गंभीर चोट लगी थी। मेडिकल जांच में उनके घुटने के पीछे स्थित टेंडन में आंशिक फटाव की बात सामने आई है, जिसके चलते उन्हें कम से कम दो सप्ताह आराम करने की सलाह दी गई है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोशेट ने भी संकेत दिए हैं कि कोहली और रोहित दोनों की फिटनेस पर जल्द स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। वनडे सीरीज शुरू होने से पहले मेडिकल टीम दोनों खिलाड़ियों का अंतिम मूल्यांकन करेगी। अफगानिस्तान का भारत दौरा 6 जून से शुरू होगा, जहां दोनों टीमें पहले मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगी। इसके बाद 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा।
रोहित शर्मा भी पूरी तरह फिट नहीं माने जा रहे हैं। आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझने वाले रोहित को सशर्त टीम में शामिल किया गया था। उनकी उपलब्धता मेडिकल रिपोर्ट और टीम प्रबंधन की मंजूरी पर निर्भर करेगी। अगर कोहली और रोहित दोनों इस सीरीज में नहीं खेलते हैं, तो दर्शकों की रुचि और टीवी व्यूअरशिप पर असर पड़ सकता है। दोनों दिग्गज अब केवल वनडे क्रिकेट में ही सक्रिय हैं और टी-20 तथा टेस्ट प्रारूप को अलविदा कह चुके हैं।
कोहली की संभावित गैरमौजूदगी की स्थिति में चयनकर्ताओं के पास कई विकल्प मौजूद हैं। देवदत्त पडिक्कल, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ियों के नाम चर्चा में हैं। खास तौर पर सैमसन और पाटीदार को मौका मिलने की संभावना अधिक मानी जा रही है।
गौरतलब है कि कोहली ने हाल ही में आरसीबी को लगातार दूसरा आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल मुकाबले में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 75 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।