The Scoopp

 

‘आवारापन 2’ की शूटिंग खत्म, इमरान हाशमी की वापसी को लेकर बढ़ा उत्साह; सनी देओल की फिल्म से होगा सीधा मुकाबला

इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब मेकर्स पोस्ट-प्रोडक्शन के काम में जुट गए हैं। रिलीज में अभी करीब दो महीने का समय बचा है, जिससे फिल्म को अंतिम रूप देने के लिए टीम के पास पर्याप्त वक्त रहेगा।

फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर शूटिंग खत्म होने की जानकारी देते हुए संकेत दिया कि ‘शिवम’ का लोकप्रिय किरदार एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाला है। इसी के साथ #ShivamReturns हैशटैग का इस्तेमाल भी किया गया, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी और स्क्रिप्ट बिलाल सिद्दीकी ने तैयार की है। फिल्म की शूटिंग राजस्थान और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है। इस बार इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी, जिससे फिल्म में नए रंग और नई कहानी देखने को मिल सकती है।

बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि इससे एक दिन पहले सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ रिलीज होगी। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।

गौरतलब है कि साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के गाने आज भी लोकप्रिय हैं। लगभग 18 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 25 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी और समय के साथ इसे कल्ट फॉलोइंग भी मिली।