The Scoopp

 

इटली दौरे में PM मोदी का खास अंदाज, जॉर्जिया मेलोनी को दी ‘मेलोडी’ कैंडी; सोशल मीडिया पर वीडियो ने मचाया धमाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे का एक दिलचस्प पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पीएम मोदी उन्हें भारत की लोकप्रिय ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करते दिखाई दिए। मेलोनी ने पोस्ट में मजाकिया अंदाज में लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए बेहद खास मिठाई लेकर आए हैं।

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि एक्स (पहले ट्विटर) पर भी लाखों यूजर्स इसे देख चुके हैं। दोनों नेताओं की कैमिस्ट्री और हल्के-फुल्के अंदाज को लोगों ने खूब पसंद किया।

दरअसल, पीएम मोदी अपने पांच देशों के विदेशी दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे थे। यहां मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता एक ही कार में बैठकर रोम के ऐतिहासिक और करीब 2000 साल पुराने कोलोजियम पहुंचे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर खूब शेयर किए जा रहे हैं।

‘मेलोडी’ टॉफी देने के पीछे भी खास वजह बताई जा रही है। पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर मोदी और मेलोनी के नामों को जोड़कर ‘Melodi’ शब्द काफी ट्रेंड कर रहा था। G20 समेत कई वैश्विक आयोजनों में दोनों नेताओं की तस्वीरें वायरल होने के बाद यह नाम मीम्स और इंटरनेट ट्रेंड का हिस्सा बन गया था।

इसी ट्रेंड को मजेदार अंदाज में अपनाते हुए पीएम मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ कैंडी भेंट की, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने भी काफी एंजॉय किया।