फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलेनियर्स रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने संपत्ति के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे धनी व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडानी की कुल संपत्ति बढ़कर 89.2 अरब डॉलर पहुंच गई है। वहीं मुकेश अंबानी 88 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर हैं। जापान की सॉफ्टबैंक के संस्थापक मासायोशी सोन 87 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं।
अडानी समूह की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में मजबूती का असर उनकी संपत्ति पर साफ दिखाई दिया है। समूह की छह प्रमुख कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य करीब 191 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इनमें अडानी पावर सबसे मूल्यवान कंपनी रही, जिसका मार्केट वैल्यूएशन 47.2 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इसके अलावा अडानी पोर्ट्स, अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस और अडानी टोटल गैस ने भी समूह की कुल वैल्यू बढ़ाने में अहम योगदान दिया।
पिछले कुछ महीनों में गौतम अडानी की संपत्ति में तेज उछाल देखा गया है। फोर्ब्स के अनुसार, अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा अडानी समूह से जुड़े कथित धोखाधड़ी के आरोपों को खारिज किए जाने के बाद उनकी संपत्ति में करीब 10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। यह मामला सौर ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़े 250 मिलियन डॉलर के सौदों को लेकर उठाया गया था, जिसे समूह ने शुरू से ही गलत बताया था।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी समूह को भारी दबाव का सामना करना पड़ा था। उस समय शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी और समूह के मूल्यांकन पर असर पड़ा था। हालांकि बाद में भारतीय नियामक एजेंसियों ने कई आरोपों को प्रमाणित नहीं माना, जिससे निवेशकों का भरोसा धीरे-धीरे वापस लौटा।
अपने हालिया वार्षिक पत्र में गौतम अडानी ने कहा कि समूह अब अधिकांश कानूनी चुनौतियों से आगे निकल चुका है और ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, परिवहन तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रहा है। उन्होंने अडानी एंटरप्राइजेज के 24,930 करोड़ रुपये के सफल राइट्स इश्यू को भी निवेशकों के मजबूत विश्वास का संकेत बताया।
विशेषज्ञों का मानना है कि समूह की कंपनियों में लगातार बढ़ती हिस्सेदारी और बाजार में सुधार की वजह से गौतम अडानी ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज अपने नाम कर लिया है।