The Scoopp

 

क्या सच में शादी के बंधन में बंधीं कंगना रनौत? मंगलसूत्र और चूड़ियों वाले लुक ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकता

बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद Kangana Ranaut एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पारंपरिक अंदाज में नजर आईं। कंगना के गले में मंगलसूत्र और हाथों में हरी चूड़ियां देखकर लोगों के बीच उनकी शादी को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।

वीडियो में कंगना हल्के गुलाबी रंग के सूट में दिखाई दे रही हैं। वह अपने घर से बाहर निकलकर सुरक्षा कर्मियों के बीच कार तक जाती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने कैमरों की तरफ कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उनके लुक ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी।

सोशल मीडिया यूजर्स लगातार कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या कंगना ने चुपचाप शादी कर ली है, जबकि कई फैंस का मानना है कि यह सिर्फ किसी फिल्म का लुक हो सकता है। कुछ यूजर्स ने अंदाजा लगाया कि अभिनेत्री अपनी चर्चित फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ के तीसरे भाग की शूटिंग कर रही होंगी। वहीं कुछ लोग इसे ‘क्वीन’ के सीक्वल से भी जोड़ रहे हैं।

खबरों के मुताबिक, कंगना इन दिनों मुंबई में अपनी नई फिल्म ‘क्वीन 2’ पर काम कर रही हैं। कहा जा रहा है कि राजनीति में सक्रिय होने के बाद यह उनकी बॉलीवुड में बड़ी वापसी साबित हो सकती है। अभिनेत्री ने साल 2024 में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से चुनाव जीतकर संसद में कदम रखा था और तब से फिल्मों के साथ-साथ राजनीतिक जिम्मेदारियों पर भी ध्यान दे रही हैं।

गौरतलब है कि 2014 में रिलीज हुई फिल्म Queen ने कंगना के करियर को नई ऊंचाई दी थी। फिल्म में उन्होंने रानी नाम की ऐसी लड़की का किरदार निभाया था, जिसकी शादी टूटने के बाद वह अकेले हनीमून पर निकल पड़ती है। दर्शकों ने उस किरदार को काफी पसंद किया था।