चीन ने नेपाल के साथ अपने रिश्तों को लेकर एक नया रोडमैप पेश किया है। बीजिंग की तरफ से नेपाल में सहयोग बढ़ाने के लिए चार अहम क्षेत्रों पर जोर दिया गया है। चीन के नेपाल में राजदूत झांग माओमिंग ने काठमांडू पोस्ट में एक लेख लिखकर चीन की भविष्य की रणनीति को सामने रखा है। इस लेख में उन्होंने कहा कि चीन हमेशा से नेपाल को अपनी पड़ोसी नीति में अहम स्थान देता आया है और दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।
चीनी राजदूत ने कहा कि नेपाल की जमीन का इस्तेमाल किसी भी ऐसे उद्देश्य के लिए नहीं किया जाएगा जिससे चीन के हितों को नुकसान पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि चीन नेपाल की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का समर्थन करता है और नेपाली जनता की इच्छा के अनुसार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने में नेपाल की मदद करेगा।
चीन ने नेपाल के साथ सहयोग के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है। इनमें सबसे पहला मुद्दा दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने का है। चीन सीमा से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क नेटवर्क, ट्रांसपोर्ट सिस्टम और हवाई संपर्क को बेहतर बनाने पर जोर दे रहा है। इसके जरिए चीन नेपाल के साथ व्यापार और लोगों के बीच संपर्क को आसान बनाने की बात कर रहा है।
दूसरे क्षेत्र के तौर पर चीन ने ऊर्जा सहयोग को आगे बढ़ाने की योजना रखी है। इसमें बिजली उत्पादन, पावर ग्रिड और स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में साझेदारी बढ़ाने की बात कही गई है। चीन का कहना है कि इससे नेपाल की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और हरित विकास को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
तीसरा फोकस व्यापार और निवेश पर है। चीन नेपाल के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाना चाहता है और वहां चीनी कंपनियों के लिए ज्यादा अवसर बनाने की बात कर रहा है। बीजिंग का दावा है कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे और नेपाल के विकास में तेजी आएगी।
चौथे क्षेत्र में चीन ने शिक्षा, युवाओं, स्थानीय प्रशासन और मीडिया के स्तर पर सहयोग बढ़ाने की बात कही है। चीन का कहना है कि लोगों के बीच संपर्क बढ़ने से दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।
चीन का यह पूरा प्लान उसकी महत्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव यानी BRI से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। BRI के तहत चीन दुनियाभर के कई देशों में सड़क, रेल, बंदरगाह और ऊर्जा जैसी बड़ी परियोजनाओं में निवेश कर चुका है। चीन इसे विकास और कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली पहल बताता है।
हालांकि चीन की इन परियोजनाओं को लेकर कई देशों में सवाल भी उठते रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के जरिए चीन छोटे देशों पर आर्थिक निर्भरता बढ़ा सकता है। कुछ मामलों में कर्ज का बोझ और रणनीतिक प्रभाव को लेकर भी चिंताएं सामने आती रही हैं।
नेपाल में भी चीन के बढ़ते प्रभाव को लेकर बहस होती रही है। अब नजर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की सरकार पर है कि वह चीन के इस प्रस्ताव को किस तरह स्वीकार करती है। क्या नेपाल BRI के जरिए विकास और निवेश के मौके हासिल करेगा या फिर चीन की बढ़ती रणनीतिक मौजूदगी को लेकर सावधानी बरतेगा, यह आने वाले समय में साफ होगा।