The Scoopp

 

पार्टनर की नींद उड़ा रहे हैं खर्राटे? रोजमर्रा की इन आदतों में बदलाव से मिल सकती है राहत

रात में खर्राटों की आवाज सिर्फ आपकी नहीं, बल्कि आपके पार्टनर की नींद भी खराब कर सकती है। कई लोग इसे मामूली समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लगातार खर्राटे लेना कई बार खराब लाइफस्टाइल और स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतों का संकेत भी हो सकता है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

वजन घटाने पर दें ध्यान

अगर शरीर का वजन ज्यादा है, तो गर्दन के आसपास फैट जमा होने लगता है। इससे सोते समय सांस की नली पर दबाव पड़ता है और खर्राटों की समस्या बढ़ जाती है। हेल्दी डाइट और रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज वजन कंट्रोल करने में मदद करती है, जिससे खर्राटे कम हो सकते हैं।

करवट लेकर सोने की डालें आदत

पीठ के बल सोने पर जीभ और गले की मांसपेशियां पीछे की तरफ चली जाती हैं, जिससे सांस लेने का रास्ता संकरा हो जाता है। यही वजह है कि कंपन की आवाज के रूप में खर्राटे आने लगते हैं। इसलिए सोते समय करवट लेना ज्यादा बेहतर माना जाता है।

स्मोकिंग और शराब से बढ़ सकती है परेशानी

रात में शराब पीने से गले की मांसपेशियां ढीली पड़ जाती हैं, जबकि स्मोकिंग गले और नाक में सूजन पैदा कर सकती है। इन दोनों वजहों से सांस लेने में रुकावट आती है और खर्राटे तेज हो सकते हैं। इसलिए सोने से पहले इन चीजों से दूरी बनाना फायदेमंद रहेगा।

भाप और पानी दोनों हैं जरूरी

नाक बंद रहना या एलर्जी भी खर्राटों की बड़ी वजह बन सकती है। सोने से पहले गर्म पानी की भाप लेने से नाक खुलती है और सांस लेने में आसानी होती है। साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्योंकि डिहाइड्रेशन से म्यूकस गाढ़ा होकर समस्या बढ़ा सकता है।

सही तकिया चुनना भी है जरूरी

बहुत नीचे या गलत तकिया इस्तेमाल करने से सांस की नली पर असर पड़ सकता है। कोशिश करें कि सिर शरीर से थोड़ा ऊंचा रहे। इसके लिए मध्यम ऊंचाई वाला तकिया इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है, जिससे सांस लेने में आसानी रहती है और खर्राटों की संभावना कम हो सकती है।