Skip to main content

The Scoopp

 

बोलिविया में नोटों से लदा सैन्य विमान हादसे का शिकार

बोलिविया के एल आल्टो शहर में शनिवार सुबह वायुसेना का हरक्यूलिस विमान हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। विमान देश के केंद्रीय बैंक के लिए नए नोटों की खेप लेकर जा रहा था। रॉयटर्स के अनुसार, खराब मौसम के बीच लैंडिंग के तुरंत बाद विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे से फिसलकर एयरपोर्ट से सटी एक व्यस्त सड़क पर जा गिरा। जिस स्थान पर विमान गिरा, वहां खड़ी 10 से 15 गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क पर मलबा, टूटी कारें और शव बिखरे दिखाई दिए।

हादसे के बाद सड़क पर बैंक नोट भी चारों ओर फैल गए, जिन्हें उठाने के लिए स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हालात काबू में करने के लिए प्रशासन को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में अफरातफरी का माहौल दिखा, हालांकि उनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

दुर्घटना के बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। राष्ट्रीय एयरलाइन ने बयान जारी कर बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह वायुसेना का एयरक्राफ्ट था। स्थानीय मीडिया में दिखाए गए फुटेज में विमान दो हिस्सों में टूटा हुआ नजर आया।

इस बीच बोलिविया का सेंट्रल बैंक आज इस घटना को लेकर प्रेस ब्रीफिंग करने वाला है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सभी घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है, जबकि प्रशासन मृतकों की पहचान और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन कर रहा है।