Skip to main content

The Scoopp

 

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला आज भारत दौरे पर, AI समिट और रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा आज भारत पहुंच रहे हैं। वे 18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर हो रही है और इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इस बार राष्ट्रपति लूला के साथ बड़ा प्रतिनिधिमंडल आ रहा है, जिसमें करीब 14 मंत्री और 260 से ज्यादा ब्राजीली कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हैं। भारत पहुंचने के बाद वे 19–20 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित दूसरे AI इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे, जहां भारत के साथ तकनीक और नवाचार में सहयोग पर चर्चा होगी।

21 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दों पर बातचीत होगी। प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में लंच भी देंगे।

दौरे के दौरान राष्ट्रपति लूला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे, जो उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगी। इसके अलावा उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री से भी उनकी बैठकें तय हैं।

भारत और ब्राजील के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है और 2025 में यह 15 अरब डॉलर से ज्यादा रहा। दोनों देश BRICS, G20 और संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों पर मिलकर काम करते हैं। रक्षा, अंतरिक्ष, बॉयोफ्यूल, कृषि, स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन सहयोग के प्रमुख क्षेत्र हैं।

यह राष्ट्रपति लूला का छठा भारत दौरा है। वे इससे पहले 2004 में गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि रहे थे और 2023 में G20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे। भारत-ब्राजील रिश्ते रणनीतिक साझेदारी के रूप में लगातार मजबूत हो रहे हैं।