अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio जल्द ही भारत दौरे पर आने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान वे भारत की मेजबानी में होने वाली क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
भारत रवाना होने से पहले मार्को रुबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को बेहद मजबूत बताया। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका का भरोसेमंद मित्र और महत्वपूर्ण साझेदार है, जिसके साथ कई क्षेत्रों में मिलकर काम करने की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं।
ऊर्जा सहयोग को लेकर भी रुबियो ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहता है कि भारत जरूरत के मुताबिक अधिक से अधिक अमेरिकी ऊर्जा खरीदे। उनके मुताबिक अमेरिका रिकॉर्ड स्तर पर तेल और ऊर्जा उत्पादन कर रहा है और भारत के साथ इस क्षेत्र में साझेदारी को और विस्तार देना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि वेनेजुएला से जुड़े ऊर्जा अवसरों पर भी दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावनाएं हैं।
क्वाड गठबंधन का जिक्र करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्री बनने के बाद उनकी पहली महत्वपूर्ण बैठक क्वाड देशों के साथ ही हुई थी। उन्होंने बताया कि पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने क्वाड बैठक में हिस्सा लिया था और अब भारत में फिर से इस मंच पर चर्चा होना उनके लिए खास महत्व रखता है।
रुबियो ने यह भी कहा कि क्वाड देशों के बीच लगातार बढ़ता सहयोग इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए बेहद अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत में भी क्वाड सदस्य देशों के साथ एक और अहम बैठक आयोजित की जाएगी।