पूर्व भारतीय क्रिकेटर व फिल्म अभिनेता योगराज सिंह विवादित बयान को लेकर मुश्किलों में फंस गए हैं। महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो क्लिप के बाद सामने आया।
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के दो वकीलों उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वायरल वीडियो में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई 2026 को रिलीज हुई वेब सीरीज लुक्खे के एक एपिसोड का हिस्सा था। विवाद बढ़ने के बाद संबंधित सीन को प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। वायरल क्लिप करीब 17 सेकेंड की बताई जा रही है, जिसमें कथित तौर पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र संवाद बोले गए थे।
शिकायत में कहा गया है कि सार्वजनिक पहचान रखने वाले लोगों द्वारा इस तरह की टिप्पणियां समाज में महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच को बढ़ावा दे सकती हैं। इसी आधार पर शिकायतकर्ताओं ने सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद पंजाब महिला आयोग भी सक्रिय हो गया है। आयोग ने पंजाब पुलिस को पत्र लिखकर पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस अब वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।