IPL 2026 में प्लेऑफ की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से मात देकर अंतिम-4 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमें बन गई हैं।
अब 26 मई को क्वालिफायर-1 में बेंगलुरु और गुजरात की भिड़ंत होगी, जबकि 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद और राजस्थान आमने-सामने होंगे।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए। टीम के लिए किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया, लेकिन कई खिलाड़ियों ने छोटी मगर तेज पारियां खेलीं। ध्रुव जुरेल ने 38 रन बनाए, वहीं जोफ्रा आर्चर ने सिर्फ 15 गेंदों में 32 रन ठोक दिए। दासुन शनाका ने भी 29 रन का योगदान दिया। आखिर के ओवरों में रवींद्र जडेजा और नांद्रे बर्गर की तेज बल्लेबाजी ने स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया।
मुंबई की गेंदबाजी में दीपक चाहर और शार्दूल ठाकुर ने 2-2 विकेट हासिल किए। विल जैक्स, अल्लाह गजनफर और कॉर्बिन बॉश को 1-1 सफलता मिली।
206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए और टीम ने पावरप्ले के भीतर ही 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 60 रन और कप्तान हार्दिक पंड्या ने 34 रन बनाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे।
राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा और यश पुंजा ने 2-2 विकेट लेकर मुंबई की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा।
प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस: रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दूल ठाकुर, अल्लाह गजनफर और रघु शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवान फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा और बृजेश शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर: रवींद्र जडेजा।