प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील को लेकर मचे राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने साफ कहा कि देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर किसी तरह का संकट नहीं है और जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, हाल के दिनों में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत ने रूस से एलएनजी (LNG) आयात लेने से इनकार कर दिया है। इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरी ने कहा कि यह पूरी तरह भ्रामक जानकारी है, क्योंकि भारत ने अब तक रूस से एलएनजी आयात किया ही नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए मंत्री ने कहा कि कुछ लोग हर परिस्थिति में डर और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना काल से लेकर अंतरराष्ट्रीय तनाव तक, विपक्ष लगातार अफवाह फैलाने में जुटा रहा है।
पुरी ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद भारत ने अपने घरेलू एलपीजी उत्पादन में करीब 55 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है, ताकि आम लोगों पर किसी तरह का असर न पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की ओर से ईंधन बचाने, गैर-जरूरी यात्राओं से बचने और जरूरत पड़ने पर ‘वर्क फ्रॉम होम’ अपनाने की सलाह केवल एहतियात के तौर पर दी गई थी। इसका मतलब यह नहीं है कि देश में ऊर्जा की कमी हो गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल वैश्विक स्तर पर बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों के असर को कम करना है, ताकि अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। उन्होंने दोहराया कि भारत की ऊर्जा सप्लाई पूरी तरह स्थिर है और हालात नियंत्रण में हैं।