कीमती धातुओं की कीमतों में गुरुवार को फिर बड़ा उछाल देखने को मिला। चांदी के दाम में ₹5,731 की तेज बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद इसका भाव ₹2.55 लाख प्रति किलो तक पहुंच गया। वहीं 24 कैरेट सोना भी ₹285 महंगा होकर 10 ग्राम के लिए ₹1.51 लाख के पार निकल गया।
साल 2026 की शुरुआत से ही सोना और चांदी लगातार महंगे होते जा रहे हैं। बीते साल 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब ₹1.33 लाख थी, जो अब बढ़कर ₹1.51 लाख हो चुकी है। यानी इस दौरान सोना करीब ₹18 हजार तक महंगा हो गया।
चांदी में भी इसी तरह की तेजी बनी हुई है। साल की शुरुआत में इसकी कीमत करीब ₹2.30 लाख प्रति किलो थी, लेकिन अब यह बढ़कर ₹2.55 लाख प्रति किलो पहुंच गई है। यानी अब तक चांदी करीब ₹24 हजार महंगी हो चुकी है।
सोना खरीदते वक्त किन बातों का रखें ध्यान?
- हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की जानकारी मिलती है और उस पर एक यूनिक अल्फान्यूमेरिक कोड भी लिखा होता है।
- खरीदारी से पहले अलग-अलग भरोसेमंद प्लेटफॉर्म पर गोल्ड रेट जरूर जांच लें। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है।
ऐसे पहचानें असली चांदी
- चुंबक के पास लाने पर असली चांदी चिपकती नहीं है।
- सिल्वर पर रखी बर्फ तेजी से पिघलने लगे तो वह असली हो सकती है।
- नकली चांदी में अक्सर धातु जैसी गंध आती है, जबकि असली सिल्वर बिना गंध की होती है।
- सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान दिखे तो चांदी असली मानी जाती है।