टेनिस जगत की दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स एक बार फिर प्रतिस्पर्धी टेनिस में नजर आने वाली हैं। करीब चार साल पहले प्रोफेशनल टेनिस को अलविदा कहने वाली 23 ग्रैंड स्लैम विजेता ने क्वीन्स क्लब चैंपियनशिप के महिला डबल्स वर्ग में हिस्सा लेने का फैसला किया है। उन्हें टूर्नामेंट के लिए वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 जून से 21 जून के बीच आयोजित होगी। सेरेना ने अपना आखिरी पेशेवर मुकाबला यूएस ओपन 2022 में खेला था, जिसके बाद उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी थी। हालांकि पिछले कुछ महीनों से उनकी वापसी की चर्चाएं लगातार तेज थीं।
दरअसल, पिछले साल दिसंबर में जानकारी सामने आई थी कि सेरेना दोबारा टेनिस के एंटी-डोपिंग प्रोग्राम का हिस्सा बनी हैं। आमतौर पर किसी खिलाड़ी के प्रतिस्पर्धी टेनिस में लौटने की तैयारी का यह अहम संकेत माना जाता है। अब दो बेटियों की मां बनने के बाद वह फिर से कोर्ट पर अपना दमखम दिखाने को तैयार हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला डबल्स मुकाबलों में सेरेना कनाडा की युवा टेनिस स्टार विक्टोरिया म्बोको के साथ जोड़ी बनाती नजर आ सकती हैं। ग्रास कोर्ट पर शानदार रिकॉर्ड रखने वाली सेरेना ने कहा कि वापसी के लिए क्वीन्स क्लब से बेहतर मंच नहीं हो सकता।
अपने कमबैक को लेकर उन्होंने कहा कि ग्रास कोर्ट से उनकी कई सुनहरी यादें जुड़ी हुई हैं। ऐसे में टेनिस के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक में फिर से खेलना उनके लिए बेहद खास अनुभव होगा।
सेरेना विलियम्स का नाम टेनिस इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल है। वह सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों में करियर गोल्डन स्लैम पूरा करने वाली इकलौती खिलाड़ी हैं। उनके खाते में सिंगल्स के 23, डबल्स के 14 और मिक्स्ड डबल्स के 2 ग्रैंड स्लैम खिताब दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने ओलंपिक खेलों में कुल चार स्वर्ण पदक भी जीते हैं, जिनमें एक सिंगल्स और तीन डबल्स गोल्ड मेडल शामिल हैं।