Skip to main content

The Scoopp

 

1000 करोड़ पार करते ही ‘धुरंधर 2’ का धमाका, ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने से बस एक कदम दूर

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों धुरंधर 2 का जलवा लगातार कायम है। रिलीज के 18 दिन बाद भी फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। खास बात ये है कि तीसरे रविवार की कमाई ने फिल्म को सीधे 1000 करोड़ के क्लब में पहुंचा दिया, जिससे यह हिंदी सिनेमा की पहली फिल्म बन गई जिसने यह आंकड़ा छुआ। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जबकि लीड रोल में रणवीर सिंह नजर आ रहे हैं। दमदार कहानी और स्टारकास्ट के चलते दर्शकों का रिस्पॉन्स शानदार रहा है, जिसका असर कलेक्शन पर साफ दिखाई दे रहा है।

18वें दिन बना बड़ा रिकॉर्ड
जहां कई फिल्मों की कमाई दूसरे हफ्ते में धीमी पड़ जाती है, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने तीसरे रविवार को 28.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर नया रिकॉर्ड बना दिया। इस मामले में फिल्म ने बाहुबली 2 को पीछे छोड़ दिया, जिसने अपने 18वें दिन करीब 14 करोड़ रुपये कमाए थे।

लाइफटाइम कलेक्शन में अभी भी पीछा बाकी
हालांकि कुल कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2’ अभी बाहुबली 2 से थोड़ा पीछे है। एसएस राजामौली की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 1030 करोड़ रुपये है, जबकि ‘धुरंधर 2’ अब तक 1013 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। यानी फिल्म को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 17 करोड़ रुपये और चाहिए।

तीसरे वीकेंड ने फिर पकड़ी रफ्तार
तीसरे हफ्ते में जहां शुक्रवार और शनिवार को फिल्म की कमाई थोड़ी धीमी रही, वहीं रविवार को जबरदस्त उछाल ने एक बार फिर फिल्म को सुर्खियों में ला दिया। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, वह जल्द ही ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकती है।

स्टारकास्ट भी बनी सफलता की बड़ी वजह
फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई है, जिन्होंने कहानी को और मजबूत बनाया। ‘धुरंधर 2’ की रफ्तार को देखकर साफ है कि यह फिल्म जल्द ही बॉक्स ऑफिस के और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।