हर व्यक्ति का ऑफिस और काम को लेकर नजरिया अलग होता है। कुछ लोग वीकेंड खत्म होने का इंतजार करते हैं ताकि सोमवार से फिर नई ऊर्जा के साथ अपने काम में जुट सकें। वहीं कई लोगों के लिए सोमवार का नाम सुनते ही तनाव और घबराहट शुरू हो जाती है। खासतौर पर रविवार शाम आते-आते उनका मूड खराब होने लगता है और दिमाग में सिर्फ अगले दिन का वर्कलोड घूमने लगता है। इसी स्थिति को आजकल ‘Sunday Scaries’ कहा जाता है।
क्या होता है Sunday Scaries?
Sunday Scaries उस मानसिक बेचैनी और तनाव को कहा जाता है, जो रविवार खत्म होने से पहले कई लोगों को महसूस होने लगता है। जैसे-जैसे सोमवार नजदीक आता है, ऑफिस की जिम्मेदारियां, मीटिंग्स, टारगेट और काम का दबाव दिमाग पर हावी होने लगता है।
आखिर क्यों होती है ये परेशानी?
वीकेंड के दौरान लोग आराम और अपनी पसंद की चीजों में समय बिताते हैं, लेकिन रविवार शाम होते ही अचानक कामकाजी रूटीन का ख्याल तनाव पैदा कर देता है। इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं—
- नौकरी का बढ़ता दबाव
- काम में मन न लगना
- सोमवार की मीटिंग्स या डेडलाइन का डर
- निजी और प्रोफेशनल लाइफ में संतुलन की कमी
- पर्याप्त आराम न मिल पाना
- जॉब सिक्योरिटी को लेकर चिंता
किन संकेतों से समझें Sunday Scaries?
अगर रविवार शाम आपको ये समस्याएं महसूस होने लगें, तो यह Sunday Scaries का संकेत हो सकता है—
- बिना वजह घबराहट या उदासी
- रात में नींद न आना
- पेट में बेचैनी महसूस होना
- मूड खराब रहना
- सोमवार को लेकर लगातार चिंता करना
- चिड़चिड़ापन और थकान महसूस होना
क्या यह चिंता सामान्य है?
हल्का तनाव महसूस होना आम बात मानी जाती है, लेकिन अगर हर रविवार यही स्थिति बनने लगे और इसका असर आपकी नींद, मानसिक स्वास्थ्य या रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
Sunday Scaries से बचने के आसान उपाय
- रविवार को सिर्फ ऑफिस की चिंता में न बिताएं, परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं।
- सोमवार की तैयारी पहले ही कर लें ताकि सुबह की भागदौड़ कम हो।
- रविवार रात पर्याप्त नींद जरूर लें।
- सोने से पहले ऑफिस मेल या चैट देखने से बचें।
- योग, मेडिटेशन, म्यूजिक या वॉक जैसी रिलैक्सिंग एक्टिविटीज अपनाएं।
- अगर तनाव लगातार बढ़ रहा हो, तो किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर हो सकता है।
(Photo : AI Generated)