The Scoopp

 

सिर्फ प्रोटीन पर टिकी डाइट पड़ सकती है भारी, फाइबर की कमी बढ़ा सकती है बीमारी का खतरा

आजकल जिम और फिटनेस का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। बॉडी बनाने की चाह में लोग अपनी डाइट में प्रोटीन की मात्रा तो बढ़ा रहे हैं, लेकिन फाइबर को नजरअंदाज कर रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि केवल प्रोटीन पर फोकस करना शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है और इससे पेट से जुड़ी गंभीर समस्याएं पैदा होने का खतरा बढ़ जाता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर को फिट रखने के लिए जितना जरूरी प्रोटीन है, उतना ही अहम फाइबर भी माना जाता है। अगर खाने में फाइबर कम हो जाए तो पाचन तंत्र सही तरीके से काम नहीं कर पाता। इसकी वजह से कब्ज, गैस, पेट फूलना और बाउल मूवमेंट में गड़बड़ी जैसी परेशानियां होने लगती हैं।

डॉक्टर्स बताते हैं कि फाइबर आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को मजबूत बनाने में मदद करता है। ये बैक्टीरिया डाइजेशन बेहतर रखने के साथ शरीर को कई बीमारियों से बचाने का काम करते हैं। रिसर्च में भी पाया गया है कि जिन लोगों की डाइट में पर्याप्त फाइबर होता है, उनका गट हेल्थ ज्यादा बेहतर रहता है।

हाई-प्रोटीन डाइट लेने वाले कई लोग रोजाना जरूरत के मुकाबले काफी ज्यादा प्रोटीन लेने लगते हैं। आमतौर पर एक व्यक्ति को 50 से 60 ग्राम प्रोटीन पर्याप्त माना जाता है, लेकिन फिटनेस डाइट में यह मात्रा 80 से 90 ग्राम तक पहुंच जाती है। वहीं, फाइबर की जरूरत करीब 25 से 35 ग्राम प्रतिदिन बताई जाती है, जिसे अधिकांश लोग पूरा नहीं कर पाते।

एक्सपर्ट्स के अनुसार, फाइबर भोजन को धीरे-धीरे पचाने में मदद करता है, जिससे ब्लड शुगर कंट्रोल में रहती है और लंबे समय तक भूख नहीं लगती। इसलिए संतुलित डाइट में प्रोटीन के साथ फाइबर शामिल करना बेहद जरूरी माना जाता है।