Skip to main content

The Scoopp

 

शरीर में बार-बार खुजली होना कहीं विटामिन की कमी का संकेत तो नहीं? जानिए कारण और राहत के आसान तरीके

त्वचा पर कभी-कभार खुजली होना आम बात मानी जाती है। गर्मी, पसीना, धूल-मिट्टी या त्वचा के ज्यादा ड्राई होने से ऐसा हो सकता है। लेकिन अगर खुजली लगातार बनी रहे और हालत ऐसी हो जाए कि रात में नींद लेना या आराम से बैठना भी मुश्किल लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार होने वाली खुजली सिर्फ स्किन की समस्या नहीं बल्कि शरीर के अंदर चल रही गड़बड़ी का इशारा भी हो सकती है।

किन विटामिन की कमी से बढ़ती है खुजली?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में कुछ जरूरी विटामिन कम होने पर त्वचा संबंधी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं। खासतौर पर विटामिन A की कमी त्वचा को बेहद रूखा बना देती है, जिससे खुजली और खिंचाव महसूस होने लगता है।

इसके अलावा विटामिन B12 कम होने पर हाथ-पैरों में खुजली के साथ लाल चकत्ते और जलन की समस्या भी बढ़ सकती है। वहीं विटामिन B3 यानी नियासिन की कमी त्वचा पर रैशेज और घाव तक पैदा कर सकती है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि विटामिन C और विटामिन E की कमी भी त्वचा की सेहत को प्रभावित करती है, जिससे खुजली की परेशानी बढ़ सकती है।

खुजली के पीछे ये कारण भी हो सकते हैं

लगातार खुजली होना कई बार किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। लिवर की कार्यप्रणाली बिगड़ने पर शरीर में बाइल्स का संतुलन खराब हो जाता है, जिससे त्वचा में खुजली होने लगती है।

इसके अलावा एलर्जी, फंगल इंफेक्शन, किसी दवा का रिएक्शन या गंदगी के संपर्क में आने से भी त्वचा प्रभावित हो सकती है। इसलिए लंबे समय तक खुजली रहने पर डॉक्टर से जांच जरूर करवानी चाहिए।

खुजली से राहत पाने के आसान घरेलू उपाय

1. कैलामाइन लोशन का इस्तेमाल करें
त्वचा में जलन और खुजली होने पर कैलामाइन लोशन काफी राहत दे सकता है। इसे लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और खुजली कम महसूस होती है।

2. बर्फ से करें सिकाई
अगर खुजली के कारण त्वचा लाल पड़ गई हो या सूजन आ गई हो, तो ठंडी सिकाई फायदेमंद हो सकती है। बर्फ को कपड़े में लपेटकर प्रभावित हिस्से पर कुछ मिनट लगाएं।

3. नारियल और एसेंशियल ऑयल लगाएं
नारियल तेल, लैवेंडर ऑयल, पेपरमिंट ऑयल या यूकेलिप्टस ऑयल त्वचा को मॉइस्चराइज करने के साथ खुजली कम करने में मदद कर सकते हैं। इनमें मौजूद सूजन-रोधी गुण त्वचा को आराम पहुंचाते हैं।