The Scoopp

 

IPL 2026: पंजाब लगातार 5वां मैच हारी, तिलक वर्मा की धमाकेदार पारी से मुंबई ने आखिरी ओवर में जीता मुकाबला

आईपीएल में गुरुवार को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से मात दे दी। जीत के लिए आखिरी ओवर में 15 रन चाहिए थे और मुंबई ने 1 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के साथ पंजाब किंग्स लगातार पांचवां मुकाबला गंवा बैठी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए। टीम की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने शानदार 57 रन बनाए, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई ने सिर्फ 17 गेंदों में 38 रन ठोककर रनगति तेज की। अंत में जेवियर बार्टलेट ने 7 गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाकर स्कोर 200 तक पहुंचाया। प्रभसिमरन ने प्रियांश आर्या के साथ पहले विकेट के लिए 50 रन और कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की।

मुंबई की गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि दीपक चाहर ने 2 विकेट अपने नाम किए। पंजाब ने शुरुआत तेज की थी, लेकिन मिडिल ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। रायन रिकेल्टन ने 48 रन बनाए, लेकिन मैच का रुख तिलक वर्मा ने बदल दिया। उन्होंने केवल 33 गेंदों में नाबाद 75 रन की विस्फोटक पारी खेली। आखिर में विल जैक्स ने 10 गेंदों में 25 रन बनाकर जीत आसान कर दी। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 56 रन की अटूट साझेदारी हुई।

पंजाब की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 2 विकेट झटके, जबकि युजवेंद्र चहल और मार्को यानसन को 1-1 सफलता मिली। हालांकि, आखिरी ओवरों में मुंबई के बल्लेबाजों ने मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया।